A
Hindi News उत्तर प्रदेश सिंगापुर में CM योगी ने कहा- "यूपी में ना कर्फ्यू और ना दंगा, अब सब चंगा है", ब्रह्मोस मिसाइल की भी तारीफ की

सिंगापुर में CM योगी ने कहा- "यूपी में ना कर्फ्यू और ना दंगा, अब सब चंगा है", ब्रह्मोस मिसाइल की भी तारीफ की

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर में भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल की तारीफ की और कहा कि यूपी में ना कर्फ्यू और ना दंगा, अब सब चंगा है।

CM Yogi- India TV Hindi Image Source : ANI सिंगापुर में सीएम योगी

सिंगापुर: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर में भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद में कहा, "मातृभूमि से इतनी दूर होने के बावजूद, आपके मन में जो स्नेह है, वह भारत के विकास के लिए, अपनी मातृभूमि के लिए कुछ करने की भावना के लिए हमारे भीतर एक नया उत्साह पैदा करता है।"

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "हमें गर्व है कि नया भारत विश्व को अपनी शक्ति दिखा रहा है। प्रत्येक भारतीय को नए भारत पर गर्व होना चाहिए। नया भारत जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।"

ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर कही ये बात

सीएम योगी ने सिंगापुर दौरे के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल की तारीफ की। उन्होंने कहा, "ब्रह्मोस मिसाइल ने अच्छे-अच्छों को कंपा दिया था। ऑपरेशन सिंदूर में लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल दागी गई थी।"

यूपी में दंगों को लेकर भी बोले

सिंगापुर दौरे के दौरान सीएम योगी ने कहा कि अब दंगों वाला यूपी नहीं है। उन्होंने कहा, "यूपी में ना कर्फ्यू और ना दंगा है, अब सब चंगा है।"

सीएम योगी ने कहा कि 9 साल पहले यूपी अराजकता की स्थिति में था। दंगे, असुरक्षा, अव्यवस्था और अराजकता इसकी पहचान बन गई थी। पिछले नौ वर्षों में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, उत्तर प्रदेश ने उस सपने को साकार किया है। आप वहां विरासत और विकास का एक शानदार संगम देख सकते हैं।

डिजिटल इंडिया पर बोले सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा, ""आज भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 11 साल पहले किसी ने नहीं सोचा होगा कि भारत डिजिटल इंडिया की बात करेगा। स्टार्टअप इकोसिस्टम पर चर्चा को आगे बढ़ाएगा, स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देगा? लेकिन भारत ने आज यह संभव कर दिखाया है। भारत की राजधानी दिल्ली में ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट का आयोजन हुआ। इस समिट में 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया। 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भी इसमें हिस्सा लिया। विश्व के विकसित देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों की दिल खोलकर सराहना की। सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया विजन की शक्ति को महसूस किया।"