1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीतापुर में शराबी बेटे ने मां को पीट-पीट कर मार दिया, बुलंदशहर में शराबी ने की पिता की हत्या

सीतापुर में शराबी बेटे ने मां को पीट-पीट कर मार दिया, बुलंदशहर में शराबी ने की पिता की हत्या

सीतापुर में शराबी बेटे ने मां की हत्या कर दी, जबकि बुलंदशहर में शराबी बेटे ने पिता की जान ले ली। दोनों घटनाओं में बेटे शराब के नशे में धुत थे।

Police- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सीतापुर में जांच करती पुलिस की टीम

यूपी के दो अलग-अलग शहरों में शराबी बेटों ने अपने माता-पिता की हत्या कर दी। पहली घटना सीतापुर की है, जहां एक बेटे ने अपनी मां की डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी। वहीं, बुलंदशहर में एक बेटे ने फावड़े से हमला कर पिता को मौत के घाट उतार दिया। सीतापुर में मां और बेटे के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान बेटे ने मां की निर्मम हत्या कर दी।

घटना की जानकारी होने पर गांव वाले मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। वही घटना स्थल पर पड़े खून से सने डंडे को कब्जे में लिया। मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूचना के बाद एएसपी दुर्गेश सिंह सहित सीओ मौके पर पहुंचे। बताते हैं कि घटना से दो दिन पहले भी बेटे ने मां के साथ मारपीट की थी। हत्या की यह सनसनीखेज वारदात इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र की है।

इकलौते बेटे के साथ रहती थी मां

थाना क्षेत्र के बेनियापुर की रहने वाली सावित्री देवी अपने इकलौते बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। त्रिभुवन कोई काम धंधा नहीं करता है। धीरे-धीरे त्रिभुवन ने शराब पीना शुरू कर दी। देखते ही देखते वह शराब पीने का आदी हो गया। शराब पीने को लेकर त्रिभुवन का अपनी मां से अक्सर लड़ाई झगड़ा हुआ करता था। दिन-भर नशे में धुत रहता और मां के साथ-साथ गांव वालों से विवाद करता रहता। बताते हैं कि वह जब उसकी मां शराब के लिए रुपए नहीं देती तो वह विवाद करता और अपनी मां को भला बुरा बोलता था। 

डंडे से पीटकर की हत्या

घटना वाली रात त्रिभुवन शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। इस पर उसकी मां सावित्री देवी ने उसे हमेशा की तरह शराब पीने से मना किया और समझाने की कोशिश की। मां के समझाने पर त्रिभुवन आगबबूला हो गया और घर में रखे एक भारी डंडे से मां के सिर पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। बेटे के हमले के बाद मां जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों से मदद मांगने लगी। बताते हैं कि जब तक ग्रामीण और पड़ोसी मौके पर पहुंचते तब तक त्रिभुवन ने मां की पीट-पीट कर हत्या कर दी। 

शव के पास बैठा रहा आरोपी

गांव वालों के साथ पड़ोसी जब सावित्री देवी के घर पहुंचे तो उनका खून से लथपथ शव घर में पड़ा था और बेटा त्रिभुवन शराब के नशे में वहीं बैठा था। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान की सूचना पर थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की सूचना पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद से पूरे बेनियापुर गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। 

बुलंदशहर में शराब की लत बनी पिता की मौत का कारण

बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा में शनिवार शाम शराब के नशे में धुत बेटे ने अपने ही पिता की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुष्पेंद्र ने अपने पिता रामप्रताप की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के देवीपुरा प्रथम मोहल्ले में एक व्यक्ति द्वारा अपने पिता की हत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र और उसके पिता रामप्रताप के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था। पुष्पेंद्र को हिरासत में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

हापुड़ में दबंगों ने सरेआम युवक को दौड़ा-दौड़कर पीटा, सीसीटीवी फुटेज ने खोली पुलिस के दावों की पोल

हापुड़ का उत्पाती 'चुलबुल पांडे', दरोगा की टोपी पहन कुर्सी पर जमाया कब्जा, जमकर की तोड़फोड़; देखें VIDEO