1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीतापुर में अजब-गजब! एक ही छत के नीचे दो पतियों के साथ रह रही दो बच्चों की मां

सीतापुर में अजब-गजब! एक ही छत के नीचे दो पतियों के साथ रह रही दो बच्चों की मां

सीतापुर में रिश्ते का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दो बच्चों की मां दो पतियों के संग एकसाथ रह रही है। ससुराल वालों ने इसका विरोध किया तो मामला कोतवाली तक पहुंच गया।

sitapur Shubham Anju Nitin Case- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सीतापुर में दो पतियों के साथ एक घर में रही महिला।

यूपी के सीतापुर के महमूदाबाद से रिश्तों को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां महिला के दो पतियों के साथ रहने की बात को लेकर मामला कोतवाली तक पहुंच गया। खास बात यह है कि पति और पत्नी दोनों ही दूसरे पति नितिन को अपने साथ रखने की बात कह रहे हैं, जबकि परिवार के दूसरे सदस्य इसका विरोध कर रहे हैं। मामला सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

महिला ने पति के सामने ही प्रेमी से की शादी

ये मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के फुलवारीपुर का है। यहां रहने वाले शुभम वर्मा की शादी पचदेवरा निवासी अंजू वर्मा के साथ हुई है। दंपति के दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि अंजू की नितिन विश्वकर्मा नाम के युवक से नजदीकियां बढ़ीं। बाद में दोनों ने मंदिर में पति के सामने ही शादी की। नितिन उनेरा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

ससुराल वालों को तीनों के साथ रहने पर आपत्ति

महिला के ससुराल वालों की ओर से बताया गया कि नितिन पहले भी घर आता-जाता था और कई बार रुकता भी था। मामला तब चर्चा में आया जब अंजू ने पति शुभम और नितिन दोनों के साथ रहने की बात कही। वहीं, शुभम भी नितिन को अपने साथ रखने के लिए तैयार बताया जा रहा है।

दोनों पतियों के साथ रहने पर अड़ी पत्नी

महिला के पहले पति शुभम का कहना है कि वह अपनी पत्नी अंजू और नितिन का साथ नहीं छोड़ेगा। हालांकि, जरूरत पड़ने पर वह घर छोड़ने तक की बात कह रहा है। वहीं, अंजू भी दोनों के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है।

कोतवाली तक पहुंचे महिला और उसके दोनों पति

बताया जा रहा है कि शुभम, नितिन को अपना भाई मानता है और दोनों के साथ बैठकर खाना खाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, महिला के ससुराल वालों को यह व्यवस्था मंजूर नहीं है और वे नितिन के साथ रहने का विरोध कर रहे हैं। परिवार के बीच बढ़ते विवाद के बाद शुक्रवार को मामला महमूदाबाद कोतवाली पहुंचा। पति शुभम, पत्नी अंजू और नितिन समेत दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंचे।

दोनों पक्षों में नहीं बन पाई कोई सहमति

कोतवाली में काफी देर तक बातचीत और नोकझोंक का दौर चला। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और आपसी सहमति से मामला सुलझाने का प्रयास किया। कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने दोनों पक्षों की बात सुनी और विवाद को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, फिलहाल परिवार के विरोध के चलते कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। इससे पहले, संतकबीरनगर में पति के बॉयफ्रेंड से 5 बच्चों की मां की शादी कराने का मामला सामने आया था। 21 साल पहले उसकी भी लव मैरिज हुई थी।

(इनपुट- मोहित मिश्रा)

ये भी पढ़ें- फेक थी एक लड़के से 3 बहनों की शादी, बोलीं- फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाया था वीडियो, पछतावा है; CWC ने लिया संज्ञान