1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मिड-डे मील में बच्चों को परोसी गई पानी वाली सब्जी, वीडियो वायरल होते ही प्रिंसिपल सस्पेंड, FIR भी दर्ज

मिड-डे मील में बच्चों को परोसी गई पानी वाली सब्जी, वीडियो वायरल होते ही प्रिंसिपल सस्पेंड, FIR भी दर्ज

सीतापुर के प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चों को खराब मिड-डे मील परोसा जा रहा है।

Sitapur- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मिड-डे मील में परोसी गई पानी वाली सब्जी

सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिड डे मील उपलब्ध कराने के दावों की पोल सीतापुर के एक प्राथमिक विद्यालय से सामने आए वीडियो ने खोल दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में बच्चों की थालियों में ऐसी सब्जी परोसी जाती दिखाई दी, जिसमें सब्जी से ज्यादा पानी नजर आ रहा था। इतना ही नहीं, बच्चों को रोटियां भी लापरवाही से परोसी गईं। मामला सामने आते ही शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और जांच के बाद कई अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई।

खराब खाने का वीडियो हो रहा वायरल

यह मामला सीतापुर जिले के महमूदाबाद विकासखंड स्थित छंगापुर प्राथमिक विद्यालय का है। विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक करीब 63 बच्चे पढ़ते हैं। 3 अगस्त को मिड-डे मील के मेन्यू के अनुसार आलू-तरोई की सब्जी और रोटी बनाई गई थी, लेकिन बच्चों को जो भोजन परोसा गया, उसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

वायरल वीडियो में दिखाई दिया कि सब्जी इतनी पतली थी कि थाली में डालते ही पानी की तरह फैल गई। वहीं, बच्चों को रोटियां भी बेहद खराब तरीके से दी गईं। कुछ बच्चों को खुले और गीले स्थान पर बैठकर भोजन करते हुए भी देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि गांव के प्रधान के बेटे ने स्कूल पहुंचकर मिड-डे मील वितरण का वीडियो बनाया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल स्वयं विद्यालय पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया।

प्रिंसिपल के खिलाफ FIR

जांच में मिड-डे मील की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा यह भी सामने आया कि बच्चों को दूध वितरण और भोजन व्यवस्था में भी लापरवाही बरती जा रही थी। इसके बाद तत्काल प्रभाव से विद्यालय की प्रिंसिपल कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया। बच्चों को खराब गुणवत्ता का भोजन परोसने के आरोप में प्रिंसिपल कल्पना वर्मा और रसोइया अनीता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत FIR भी दर्ज की गई है। यह मुकदमा खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से दर्ज कराया गया। घटना के बाद सीतापुर के DM ने जिले के सभी सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

(रिपोर्ट: मोहित मिश्र)

यह भी पढ़ें:

सो रहा था परिवार, अचानक भरभराकर गिर गया 100 साल पुराना मकान, 6 लोगों की मौत; प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा

मथुरा में 2 करोड़ की हेरोइन समेत अलीगढ़ के 2 तस्कर गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज