1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: फ्रिज में आग लगने से 6 साल की बच्ची की मौत, मां की हालत गंभीर

गाजियाबाद: फ्रिज में आग लगने से 6 साल की बच्ची की मौत, मां की हालत गंभीर

गाजियाबाद में एक फ्रिज में आग लगने की वजह से 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। इस दौरान बच्ची की मां भी झुलस गई है, जिसका इलाज किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

फ्रिज में आग लगने से बच्ची की मौत।- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE फ्रिज में आग लगने से बच्ची की मौत।

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां की एक कॉलोनी में एक फ्लैट के अंदर फ्रिज में आग लग गई। फ्रिज में आग लगने की वजह से छह साल की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वजीराबाद-गाजियाबाद मार्ग पर तुलसी निकेतन कॉलोनी में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात यह घटना करीब ढाई बजे हुई। 

बाहर से बंद था दरवाजा

पुलिस के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों व अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और फ्लैट को बाहर से बंद पाया। पुलिस ने बताया कि अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने दरवाजा तोड़ा और कमरे में फ्रिज को जलते हुए पाया। पुलिस के मुताबिक, अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने आग बुझाई और पाया कि एक लड़की और एक महिला फर्श पर बेहोश पड़ी थीं। 

बच्ची की हुई मौत

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने शनिवार को एक बयान में बताया कि दोनों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। अधिकारी ने बताया कि मृतक बच्ची की पहचान साइना (6) के रूप में हुई है और उसकी मां सब्बी परवीन उर्फ पिंकी (30) की हालत गंभीर बनी हुई है। 

जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, सब्बी परवीन का पति मोहम्मद जाकिर ऑटो-रिक्शा चालक है और शुक्रवार रात वह अपने काम से दिल्ली जाते समय दरवाजा बाहर से बंद कर गया था। पुलिस ने बताया कि परिवार ने दो दिन पहले ही किराए के फ्लैट में आकर रहना शुरू किया था। अपर पुलिस आयुक्त (शालीमार गार्डन) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फ्लैट के मालिक ने बिजली का बिल नहीं भरा था, जिसकी वजह से बिजली काट दी गई थी। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चला है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

'तेजस्वी CM बने तो सारे बिल फाड़ दिए जाएंगे', वक्फ को लेकर मंच पर RJD के MLC के बिगड़े बोल

'महुआ में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम, भारत-पाकिस्तान का मैच भी होगा'; तेजप्रताप ने तेजस्वी को लेकर भी दिया बयान