A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत से भयानक अग्निकांड, जिंदा जल गए 2 लोग

VIDEO: ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत से भयानक अग्निकांड, जिंदा जल गए 2 लोग

सोनभद्र में आमने-सामने की भिड़ंत के बाद दो ट्रकों में भीषण आग लग गई। इसकी वजह से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

Sonbhadra truck accident fire- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सोनभद्र में दो ट्रकों में आग लग गई है।

Sonbhadra Truck Accident Fire: यूपी में सोनभद्र के हाथीनाला में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हथवानी गांव के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसकी वजह से भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया है। शनिवार शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना में 2 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में बाहर निकालकर हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

टक्कर के बाद धू-धूकर जले ट्रक

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे के समय चालक और खलासी ट्रकों में ही फंस गए, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। वीडियो में धू-धू कर जलता हुआ ट्रक दिखाई दे रहा है। इसी आग में दोनों की मौत हो गई।

कड़ी मशक्कत से आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, सीओ पिपरी हर्ष पांडे और सीओ ओबरा अमित कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट, चोपन फायर स्टेशन और हिंडाल्को की दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद दोनों ट्रकों के आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

हादसे के बाद हाईवे पर बिखरा दूध

बताया जा रहा है कि एक ट्रक में राख और दूसरे में दूध के पैकेट लदे थे, जो हादसे के बाद सड़क पर बिखर गए। घटना के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए यातायात को डायवर्ट किया गया। वहीं, मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान का पता लगाया जा रहा है।

(इनपुट- परमेश्वर दयाल)

ये भी पढ़ें- यूपी में फिर चली 'तबादला एक्सप्रेस', बदल गए पूर्वांचल के इन जिलों के एसपी