ग्रेटर नोएडा में साउथ कोरियन युवक की चाकू से हत्या, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में एक विदेशी युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। हत्या का आरोप मृतक की लिव-इन पार्टनर पर लगा है। वह मणिपुर की रहनेवाली है।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर-150 से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक प्रेमिका ने अपने साउथ कोरियन लिव- इन पार्टनर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका और लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती मणिपुर की रहने वाली बताई जा रही है।
मोबाइल कंपनी में ब्रांच मैनेजर था मृतक
नोएडा पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 जनवरी 2026 को GIMS अस्पताल से पुलिस को मेमो के जरिए सूचना मिली कि एक विदेशी नागरिक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पहचान साउथ कोरियन नागरिक Mr Duck Jee Yuh के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ATS पायस हाइडवे सोसाइटी सेक्टर-150, नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में रह रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक एक नामी मोबाइल कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
लिव-इन पार्टनर मणिपुर की रहनेवाली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक को अस्पताल लाने वाली युवती की पहचान Lunjeana Pamai निवासी थाना खोपुम, जिला बिष्णुपुर, मणिपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान युवती ने स्वीकार किया कि उसी ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या की है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी युवती पिछले दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक मृतक शराब के नशे में अक्सर युवती के साथ मारपीट करता था, जिसको लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
प्रेमिका ने गुस्से में आकर चाकू से किया हमला
रविवार को आरोपी प्रेमिका ने गुस्से में आकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी खुद युवक को लेकर जिम्स अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वही थाना नॉलेज पार्क ने मुकदमा दर्ज कर लिया साथ ही पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है पुलिस आरोपी युवती पूछताछ कर रही है।
रिपोर्ट-राहुल ठाकुर, ग्रेटर नोएडा
