1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सपा के राज्यसभा उम्मीदवार नाथवानी ने लंबा-चौड़ा पोस्ट कर PM मोदी को दी बधाई, तारीफ में पढ़े कसीदे

सपा के राज्यसभा उम्मीदवार नाथवानी ने लंबा-चौड़ा पोस्ट कर PM मोदी को दी बधाई, तारीफ में पढ़े कसीदे

राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धनराज नाथवानी ने PM मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर X पर लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया पर लोग हैरानी जता रहे हैं।

Dhanraj Nathwani- India TV Hindi
Image Source : BJP/DHANRAJNATHWANI@X सपा के राज्यसभा उम्मीदवार नाथवानी ने की PM मोदी की तारीफ।

यूपी की सियासत से एक नई तरह की तस्वीर सामने आई है। दरअसल, सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज नाथवानी ने PM मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर बधाई दी। इतना ही नहीं, इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी अटैच था जिसमें पीएम मोदी की 25 साल की यात्रा को दिखाया गया।

धनराज नाथवानी ने PM मोदी की खूब तारीफ की

धनराज नाथवानी ने X पोस्ट में लिखा, ''नेतृत्व के 25 साल। समर्पण के 25 साल। 'सेवा के संकल्प' के 25 साल। 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद से, नरेंद्र मोदी ने एक शानदार सफर तय किया है- गुजरात की सेवा करने से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में भारत का नेतृत्व करने तक। बदलते समय और नई-नई चुनौतियों के बावजूद, उनका अटूट विश्वास, दृढ़ता और राष्ट्र-निर्माण के प्रति समर्पण हमेशा एक जैसा रहा है। आज, जब हम जन-सेवा के 25 साल पूरे कर रहे हैं, तो हम एक ऐसी यात्रा का जश्न मना रहे हैं जो एक स्थायी भावना से प्रेरित है- सेवा का संकल्प, राष्ट्रीय कर्तव्य और आगे बढ़ते भारत के प्रति अटूट प्रतिबद्धता। राष्ट्र की सेवा में नरेंद्र मोदी को निरंतर शक्ति और सफलता की शुभकामनाएं।''

अखिलेश यादव ने पीएम मोदी को नहीं दी है बधाई

गौरतलब है कि देश दुनिया के तमाम नेताओं ने आज PM मोदी को सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने की बधाई दी है लेकिन धनराज नाथवानी जिस समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार हैं, उनके मुखिया अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई नहीं दी है। अब सोशल मीडिया पर तमाम यूजर्स ने हैरानी जताई है कि सपा के उम्मीदवार धनराज नाथवानी पीएम मोदी को इतना लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर बधाई दे रहे हैं।

आज ही के दिन 25 साल पहले CM बने थे PM मोदी

जान लें कि 25 साल पहले आज के दिन नरेंद्र मोदी गुजरात के चीफ मिनिस्टर बने थे। 12 साल से ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहे। फिर देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठाया। साढ़े बारह साल से मोदी प्रधानमंत्री हैं। इस दौरान, जितने चुनाव लड़े, सब जीते। इस यात्रा को 25 साल पूरे हो गए इसलिए आज बीजेपी ने देश भर में प्रोग्राम्स आयोजित किए।

ये भी पढ़ें- सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर LK आडवाणी से मिलने पहुंचे PM मोदी, सामने आईं तस्वीरें