1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सपा प्रदेश सचिव का पिस्टल लाइसेंस निरस्त, पेट्रोल पंप सील, IOC अधिकारी पर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई

सपा प्रदेश सचिव का पिस्टल लाइसेंस निरस्त, पेट्रोल पंप सील, IOC अधिकारी पर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई

समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सुरेंद्र सिंह सागर का पिस्टल लाइसेंस रामपुर के डीेएम ने निरस्त कर दिया है। इंडियन ऑयल अधिकारी की कार पर फायरिंग के मामले में यह एक्शन लिया गया।

Surendra Singh Sagar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सुरेंद्र सिंह सागर

रामपुर: सिविल थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल (IOC) के फील्ड ऑफिसर अनिल कुमार की कार पर फायरिंग के मामले में रामपुर के डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सुरेंद्र सिंह सागर की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। साथ ही उनसे जुड़े दो पेट्रोल पंप सील कर दिए हैं, जबकि एक पंप का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। आपको बता दें कि तीनों पेट्रोल पंप सपा नेता के  रिश्तेदार के हैं। तीनों पेट्रोल पंपों जांच की गई और जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर यह एक्शन लिया गया।

घर के बाहर खड़ी कार पर हुई थी फायरिंग

पुलिस ने बताया कि पिछले दिनों फील्ड ऑफिसर अनिल कुमार की कार पर फायरिंग हुई थी। यह घटना 14 जनवरी की रात में हुई थी। पुलिस के मुताबिक अनिल कुमार आवास विकास कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। 14 जनवरी की रात उनकी कार पर फायरिंग हुई थी।  फायरिंग के समय उनकी कार मकान के बाहर खड़ी थी। घटना के समय कार में कोई नहीं था। नज़दीकी सीसीटीवी कैमरों से मिले सुराग से फायरिंग करने वालों में सुरेंद्र सिंह सागर का बेटा हिमांशु सागर और हिमांशु का चचेरा भाई नितिन की पहचान हुई थी। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जो अब ज़मानत पर छूट चुके हैं। 

सागर परिवार के तीन पेट्रोल पंप 

रामपुर के डीएम अजय कुमार द्विवेदी के मुताबिक सागर परिवार के तीन पेट्रोल पंप हैं। जिनसे तेल की बिक्री की जांच आदि को लेकर हिमांशु से IOC कंपनी के अधिकारी का विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते ही IOC अधिकारी अनिल कुमार की कार पर गोलियां चलाई गई थीं। पुलिस ने इस मामले में डीएम को रिपोर्ट भेजी थी। 

सुरेंद्र सागर की पिस्टल से फायरिंग

घटना में इस्तेमाल पिस्टल सपा नेता सुरेंद्र सागर की थी। उनके बेटे हिमांशु ने पिस्टल का प्रयोग किया था। जो शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन है। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने सुरेंद्र सिंह सागर की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। घटना से चर्चा में आए तीन पेट्रोल पंपों में से दो को सील कर दिया। एक का लाइसेंस निरस्त कर दिया है।