1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महंत राजू दास से मुलाकात के बाद मुस्कान मिश्रा पर हुई कार्रवाई पर किया रिएक्ट, जानिए क्या कहा

महंत राजू दास से मुलाकात के बाद मुस्कान मिश्रा पर हुई कार्रवाई पर किया रिएक्ट, जानिए क्या कहा

समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव मुस्कान मिश्रा को उनके पद से हटा दिया गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उनका पक्ष जाने बिना ही उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

मुस्कान मिश्रा- India TV Hindi
Image Source : MUSKAN MISHRA/SOCIAL MEDIA मुस्कान मिश्रा

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) की महिला इकाई में उस वक्त बड़ी कार्रवाई हुई जब समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव मुस्कान मिश्रा को उनके पद से हटा दिया गया। यह कार्रवाई अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास से उनकी हालिया मुलाकात के बाद की गई है।

मुलाकात बनी विवाद की वजह

मुस्कान मिश्रा ने रविवार को अयोध्या में महंत राजू दास से मुलाकात की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पार्टी में इस मुलाकात को लेकर नाराज़गी थी, क्योंकि महंत राजू दास ने पूर्व में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के खिलाफ महाकुंभ के दौरान आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी। पार्टी ने इस मुलाकात को पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए मुस्कान मिश्रा को उनके पद से हटा दिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जारी किया आदेश

समाजवादी पार्टी के महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने मुस्कान मिश्रा को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाने का आदेश जारी किया।

Image Source : Reporterसोशल मीडिया पर मुस्कान मिश्रा की पोस्ट

मुस्कान मिश्रा ने दी सफाई

पद से हटाए जाने के बाद मुस्कान मिश्रा ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और फेसबुक पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनका पक्ष जाने बिना ही उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। मुस्कान ने लिखा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि महंत राजू दास ने मुलायम सिंह यादव के लिए अपशब्द कहे थे। मुस्कान मिश्रा ने आगे स्पष्ट किया, "मुझे पद से भले ही हटा दिया गया हो, लेकिन मैं समाजवादी पार्टी के लिए काम करती रहूंगी।"

सोशल मीडिया पर सक्रिय चेहरा

मुस्कान मिश्रा समाजवादी पार्टी का एक युवा और सक्रिय चेहरा थीं। वह सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव रहती हैं और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 7 लाख फॉलोअर हैं। पार्टी की डिजिटल कैंपेनिंग में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।

ये भी पढ़ें-

बिहार चुनाव: महागठबंधन में सीट बंटवारे पर खींचतान, RJD ने बांटे सिंबल, कांग्रेस 60 सीटों पर अड़ी

बिहार चुनाव: गायिका मैथिली ठाकुर भाजपा में हुईं शामिल, इस सीट से लड़ सकती हैं चुनाव