1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीतापुर में सांड का आतंक, मंदिर जा रहे बुजुर्ग श्रद्धालु पर किया जानलेवा हमला

सीतापुर में सांड का आतंक, मंदिर जा रहे बुजुर्ग श्रद्धालु पर किया जानलेवा हमला

सीतापुर के नैमिषारण्य कोतवाली इलाके में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे आवारा सांड के हमले से अफरा-तफरी मच गई। चक्रतीर्थ रोड पर अचानक उग्र हुए सांड ने एक बुजुर्ग श्रद्धालु पर हमला बोल दिया।

Bull Menace in Sitapur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सांड ने किया बुजुर्ग पर हमला

उत्तर प्रदेश के सीतापुर के नैमिषारण्य क्षेत्र में आवारा पशु लोगों के लिए एक बड़ी मुसीबत बन चुके हैं। सोमवार 29 जून को यहां एक डरा देने वाली घटना सामने आई। एक बुजुर्ग श्रद्धालु मां ललिता देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद 'चक्र तीर्थ' की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में घूम रहे एक आवारा सांड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सांड ने बुजुर्ग को अपनी सींगों से उठाकर सड़क पर जोर से पटक दिया। इतने पर भी सांड शांत नहीं हुआ, वह बार-बार बुजुर्ग को सींग मारता रहा। बुजुर्ग जान बचाने के लिए लगातार चिल्लाते रहे, लेकिन सांड उन पर हमला करता रहा।

दुकानदारों ने बचाई बुजुर्ग श्रद्धालु की जान

यह भयानक मंजर देखकर आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार तुरंत हाथों में डंडे लेकर और शोर मचाते हुए सांड की तरफ दौड़े। काफी कोशिशों के बाद दुकानदारों ने सांड को वहां से भगाया और लहूलुहान बुजुर्ग को उसकी चंगुल से बचाया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। गनीमत रही कि समय रहते लोगों के पहुंचने से बुजुर्ग की जान बच गई नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

सड़क से गुजर रहे लोगों पर हमला कर रहा था सांड

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सांड अचानक बेकाबू हो गया और सड़क से गुजर रहे लोगों को पटक-पटककर सींगों से हमला करने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह सांड को भगाया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य पहुंचाया।

प्रशासन से स्थानीय लोगों की मांग

स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और तहसील प्रशासन से मांग की है कि नैमिषारण्य क्षेत्र में घूम रहे आवारा जानवरों को तुरंत पकड़वाया जाए। इस घटना से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भारी नाराजगी है। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने नगर पालिका और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की है, लेकिन आवारा जानवरों को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द एक विशेष अभियान चलाकर इन आवारा पशुओं को पकड़वाए और उन्हें गौशाला भिजवाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी न हो।

सीतापुर से मोहित मिश्रा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

कानपुर में गैंगस्टर अजय ठाकुर की रिहाई बनी चर्चा, छूटते ही सेलिब्रिटी की तरह फैंस का किया शुक्रिया

एक्सक्लूसिव: महिला से छेड़छाड़ के आरोपी को सपा ने सौंपी जिलाध्यक्ष की कमान