1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इश्क चढ़ा परवान तो अलीगढ़ का युवक पाकिस्तान पहुंच गया, अवैध रूप से घुसने की वजह से हुई जेल, अब जागी वतन वापसी की उम्मीद

इश्क चढ़ा परवान तो अलीगढ़ का युवक पाकिस्तान पहुंच गया, अवैध रूप से घुसने की वजह से हुई जेल, अब जागी वतन वापसी की उम्मीद

यूपी के अलीगढ़ का एक युवक पाकिस्तानी महिला से सोशल मीडिया के जरिए कनेक्ट हो गया और उसके प्यार में पड़ गया। ये प्यार इतना परवान चढ़ा कि युवक बॉर्डर क्रॉस करके पाकिस्तान पहुंच गया। पाकिस्तान में अवैध रूप से घुसने की वजह से युवक को जेल हो गई।

Pakistan- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE PIC भारत-पाकिस्तान बॉर्डर

अलीगढ़: कहते हैं कि जब इश्क की धुन सिर पर सवार होती है तो इंसान सरहदें नहीं देखता। ठीक ऐसा ही मामला अलीगढ़ के एक युवक के साथ हुआ। उसे सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की एक लड़की से मोहब्बत हुई तो वह बीते साल पाकिस्तान चला गया। पाकिस्तान में उसे अवैध रूप से घुसने के आरोप में जेल में बंद कर दिया गया। हालांकि अब इस युवक की वतन वापसी की उम्मीद जागी है।

क्या है पूरा मामला?

यूपी के अलीगढ़ के एक युवक को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की एक लड़की से प्यार हो गया। जिससे मिलने के लिए वह पाकिस्तान चला गया। पाकिस्तान में इस युवक को अवैध रूप से घुसने के आरोप में जेल में बंद कर दिया गया। युवक के परिवार ने ये जानकारी दी है कि अब युवक के घर लौटने की उम्मीद है।

युवक की पहचान अलीगढ़ के बरला थाना क्षेत्र के खितकारी गांव के रहने वाले बादल बाबू के रूप में हुई है। बादल की उम्र 20 साल है। साल 2024 में वह काम की तलाश में दिल्ली गया और फिर सितंबर में लापता हो गया। बाद में बादल के पिता को ये जानकारी मिली कि उनका बेटा पाकिस्तान की जेल में बंद है।

बादल के परिजनों ने बताया कि बादल की फेसबुक पर पाकिस्तानी महिला सना रानी से बातचीत हुई, जो प्यार में बदल गई। इसके बाद बादल बॉर्डर पार कर पाकिस्तान चला गया। इसके बाद बादल, पाकिस्तान के पंजाब प्रात में अपनी मोहब्बत से मिला लेकिन प्रेमिका ने बादल के साथ भारत लौटने से इनकार कर दिया। 

लेकिन बादल प्रेम में इतना डूबा था कि वह भारत वापस नहीं लौटा बल्कि पाकिस्तान में ही मजदूरी करने लगा। इसके बाद बादल को पाकिस्तानी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बादल को अवैध रूप से पाकिस्तान में घुसने के आरोप में एक साल जेल की सजा मिली। 

अब पाकिस्तान में बादल के वकील ने बादल के पिता को वीडियो कॉल के जरिए बताया कि बादल ने अपनी सजा पूरी कर ली है और उसे जेल से रिहा कर दिया गया है। उसे अब डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है, जहां सारी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे भारत लौटाया जा सकता है।