A
Hindi News उत्तर प्रदेश झांसी में रसोई गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी, GPS तोड़ा ताकि लोकेशन ट्रैक न हो, FIR दर्ज

झांसी में रसोई गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी, GPS तोड़ा ताकि लोकेशन ट्रैक न हो, FIR दर्ज

यूपी के झांसी में 524 गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी हो गया। चोर ट्रक का GPS तोड़कर रसाई गैस सिलेंडर से भरा ट्रक उठा ले गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

झांसी के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। करारी स्थित भारत पेट्रोलियम प्लांट से लोड होकर गजनेर (कानपुर देहात) के लिए जा रहा गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी हो गया। ट्रक में कुल 524 सिलेंडर लदे थे, जिनकी कीमत लगभग 17,35,051 रुपये बताई जा रही है।

 ट्रक का GPS तोड़ा, ताकि लोकेशन ट्रैक न हो सके

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या UP 93 BT 3341 करारी स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन प्लांट से 2 मार्च 2026 को सिलेंडर भरकर रवाना हुआ था। होली पर्व के चलते ट्रक को प्लांट के बाहर खड़ा कर दिया गया और चालक घर चला गया। इसी दौरान 6 मार्च को तड़के करीब 1:07 बजे अज्ञात व्यक्ति ट्रक को लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए ट्रक का GPS भी तोड़ दिया, ताकि लोकेशन ट्रैक न हो सके।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

बाद में GPS की आखिरी लोकेशन परीक्षा क्षेत्र के पास मिली, जहां पुलिस को ट्रक खाली हालत में खड़ा मिला। ट्रक से सभी 524 गैस सिलेंडर गायब थे। ट्रक मालिक नीरज कुमार अग्रवाल की तहरीर पर थाना सीपरी बाजार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जांच अधिकारी चंद्रदेव यादव को सौंपी गई है। पुलिस अब सिलेंडर चोरी करने वाले आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि इतनी बड़ी मात्रा में सिलेंडरों की चोरी सुनियोजित साजिश की ओर इशारा कर रही है।

चिकित्सक समेत तीन लोग गिरफ्तार

वहीं, बिजनौर जिले में पुलिस ने एक चिकित्सक की हत्या के मामले में एक अन्य चिकित्सक समेत तीन लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक झा ने संवाददाताओं को बताया कि नगीना में शिवालय हेल्थ केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ.राजकुमार की हत्या के मामले में आरोपी चिकित्सक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, डॉ. राजकुमार की पांच मार्च की शाम को उनके हॉस्पिटल के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

रिपोर्ट- विकास कुमार शर्मा, झांसी