1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो कांवड़ियों की गई जान, घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो कांवड़ियों की गई जान, घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

सीतापुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो कांवड़ियों की मौत की खबर आ रही है। साथ ही कुछ के घायल होने का भी समाचार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

UP News, Sitapur News, Kanwariyas die in Sitapur, Kanwariyas die- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सीतापुर में करंट की चपेट में आकर दो कां​वड़ियों की मौत की खबर है, जबकि कुछ घायल हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सोमवार को जलाभिषेक के लिए जल लेने जाते समय दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें डीजे वाहन से जल लेने जा रहे कांवड़ियों का वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कांवड़िया गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर ग्रामीणों सहित पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से झुलसे हुए तीनों कांवड़ियों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। 

पुलिस कर रही है कांवड़ियों की मौत से इन्कार

इस हादसे के बाद प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वहीं हादसे को लेकर पुलिस विभाग कांवड़ियों की मौत होने से इन्कार कर रहा है। एएसपी दुर्गेश सिंह का कहना है कि मौत होने वालों में वाहन स्वामी के साथ उसके हेल्पर शामिल हैं। वाहन कांवड़ को लेकर प्रचार प्रसार कर रहा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसा थानगांव थाना क्षेत्र में हुआ। 

चलहारी घाट जा रहे थे जल लेने

बताते चलें कि थाना क्षेत्र के ग्राम चेद्दापुरवा का रहने वाला गुड्डू यादव और ग्राम धौरा निवासी संतोष यादव अन्य कावड़ियों के साथ चलहारी घाट जल लेने जा रहे थे। बताते हैं कि डीजे वाहन राजापुर गांव के पास से गुजर रहा था। इस दौरान डीजे का साउंड हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और पूरे डीजे में करंट फैल गया। हादसे में गुड्डू यादव और संतोष यादव की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कांवड़िया गंभीर रूप से झुलस गए। 

दो मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम

सूचना मिलते ही थानगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रेउसा स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू करा दी है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। 

पुलिस कर रही है मामले की जांच 

एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि डीजे वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में कैसे आया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

सीतापुर से मोहित मिश्रा की रिपोर्ट 

यह भी पढ़ें

सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्रेम संबंध खूनी वारदात में बदला, विरोध करना भाई को भारी पड़ा

दिल्ली-मेरठ हाईवे पर कांवड़ियों के ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई सरकारी एंबुलेंस, हादसे के बाद हंगामा, लगा लंबा जाम-VIDEO