उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी में 25 सितंबर को 14 साल की छात्रा की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। इसमें मृतक लड़की की पहचान प्राची राजपूत के रूप में हुई है। प्राची संजय नगर स्थित डीडीपीएस स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा थी और दो दिन पहले ही उसने CBSE नेशनल रोप स्कीपिंग में गोल्ड मेडल जीता। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद अब वह मामले को लेकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घर की बालकनी में सुखाए गए कपड़े उतारने गई थी छात्रा
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी में 14 साल की छात्रा की हुई संदिग्ध मौत को लेकर जानकारी के मुताबिक 25 सितंबर को रात करीब 9 बजे प्राची घर की बालकनी में सुखाए गए कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान वह 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राची के पिता सुरेश चंद एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। घटना के समय घर में प्राची के माता-पिता, छोटी बहन और दादा-दादी मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। प्राची पढ़ाई के साथ खेल और संगीत में भी प्रतिभाशाली थी। परिजनों के मुताबिक, वह महज दो दिन पहले महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित CBSE नेशनल रोप स्कीपिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौटी थी। प्रतियोगिता में प्राची ने डबल डच पेयर फ्री स्टाइल और डबल डच सिंगल फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक जीता था। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल था।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
नंदग्राम के एसीपी जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में छात्रा के बालकनी से गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में नीचे गिरी यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे समेत आत्महत्या के पहलू से भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
(रिपोर्ट - जुबैर अख्तर)
ये भी पढ़ें
गणेश विसर्जन यात्रा में बमबाजी से मची भगदड़, फिर लाठी-डंडों से हमला; 4 घायल, VIDEO वायरल
ई-रिक्शा सवार महिला से चेन लूटने वाले दो शातिर लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक को लगी गोली