पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम विपक्षी दलों के INDI अलायंस के लिए बड़ा झटका बनकर सामने आए हैं। बंगाल चुनाव नतीजे का इंपैक्ट दिखने लगा है। सामजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने चुनावी रणनीति बनाने वाली और चुनाव प्रबंधन करने वाली कंपनी I-PAC के साथ अपनी डील रद्द कर दी है। आपको बता दें कि साल 2027 के शुरुआती महीनों में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव का ये कदम काफी अहम माना जा रहा है।
अखिलेश ने बदला फैसला
बताया जा रहा है कि 2027 चुनाव के लिए अखिलेश यादव ने चुनाव प्रबंधन के लिए I-PAC को हायर किया था लेकिन बंगाल चुनाव में TMC की करारी हार के बाद अखिलेश यादव ने अपना फैसला बदल लिया है। I-PAC से अपनी डील रद्द कर दी है। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति और चुनाव प्रबंधन I-PAC कर रही थी। हालांकि, चुनाव में TMC की बुरी हार हुई और ममता बनर्जी भी चुनाव हार गईं। बता दें कि बंगाल में ईडी ने I-PAC के खिलाफ एक्शन भी लिया था।
चुनावी तैयारी में जुटे अखिलेश
पश्चिम बंगाल और असम के नतीजे से इंडी अलायंस में हड़कंप है। 2027 में यूपी में विधानसभा चुनाव है। ऐसे में अखिलेश यादव मैदान में उतरकर चुनावी तैयारी में जुट गए हैं। अखिलेश यादव आज शाहजहांपुर जा रहे हैं जहां वो समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं से मुलाकात करेंगे, संगठन और बूथ को मजबूत करने की चर्चा करेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि शाहजहांपुर में विधानसभा की 6 सीट है जिसमें सभी 6 सीटें बीजेपी के पास है। यानि शाहजहांपुर में समाजवादी पार्टी शून्य पर आउट हो गई थी जबकि यहां भी मुस्लिम वोटर्स की तादाद अच्छी है। शाहजहांपुर जिले में 17 प्रतिशत से ज्यादा मुस्लिम आबादी है जबकि शाहजहांपुर टाउन में 44 प्रतिशत से ज्यादा मुस्लिम हैं। ऐसे में अखिलेश अब अपने MY समीकरण को साधने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- EXPLAINER: बंगाल में ममता बनर्जी की हार 2027 के यूपी चुनाव में कैसे अखिलेश यादव के लिए खतरे की घंटी? समझिए
बंगाल और तमिलनाडु के चुनाव रिजल्ट को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने साधा अखिलेश पर निशाना, बोले- 'यूपी में सत्ता के सपने देखना छोड़ दें'