1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: तांत्रिक बनकर जमीन में गड़ा धन दिलवाने का लालच देकर ठगता था, पुलिस ने मारी गोली

यूपी: तांत्रिक बनकर जमीन में गड़ा धन दिलवाने का लालच देकर ठगता था, पुलिस ने मारी गोली

यूपी के अमरोहा में तांत्रिक बनकर लोगों को ठगने के आरोपी शख्स के पैर में पुलिस ने गोली मारी है और उसे गिरफ्तार भी किया है।

Amroha- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT तांत्रिक बनकर लोगों को ठगने के आरोपी के पैर में पुलिस ने गोली मारी

अमरोहा: यूपी के अमरोहा में तांत्रिक बनकर लोगों को ठगने वाले एक शख्स को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स पर एक महिला से रेप का भी आरोप है। आरोपी की पहचान अरमान उर्फ काले खां के रूप में हुई है। वह तांत्रिक बनकर लोगों के घर जाकर, जमीन में धन गड़ा होने की बात कहता था और उसका लालच देकर लोगों को ठगता था।

क्या है पूरा मामला?

अमरोहा जनपद की सैदनगली थाना पुलिस ने सुबह मुठभेड़ के बाद आरोपी अरमान उर्फ काले खां को हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार किया है। संभल जिले के असमोली कस्बे का रहने वाला आरोपी अरमान उर्फ काले खां कई बड़े मामलों में वांछित होते हुए फरार चल रहा था। बुधवार आज सुबह पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति सकतपुर नहर पुल के पास मौजूद है। 

पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी बाइक से भागने लगा लेकिन आगे जाकर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख अरमान उर्फ काले ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक पुलिसकर्मी बाल बाल बचा। गोली उसके हाथ को छूती हुई निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अरमान उर्फ काले तांत्रिक बन लोगों को उनके घरों में गड़ा हुआ धन निकालने का लालच देता था। ऐसा ही लालच देकर उसने एक परिवार से लाखों रुपये और सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए। इतना ही नहीं पीड़ित परिवार की बेटी के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म करने का आरोप भी उस पर दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। अरमान उर्फ काले खां के खिलाफ अमरोहा, संभल और मुरादाबाद में हत्या, हत्या के प्रयास, ठगी, अपहरण, बलात्कार और शस्त्र अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। 

काफी समय से फरार इस शातिर अपराधी अरमान उर्फ काले की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है। घायल आरोपी और पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस घटना पर अमरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया का बयान सामने आया है। (रिपोर्ट- राजीव शर्मा)