1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच जमकर सिर-फुटव्वल, क्यों हो रहा है विवाद?

यूपी में चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच जमकर सिर-फुटव्वल, क्यों हो रहा है विवाद?

उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले कांग्रेस-सपा में भारी मनमुटाव देखने को मिल रहा है। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कांग्रेस आलाकमान को नसीहत दी है कि वह अपने नेताओं को संभाले। आइए जानते हैं इस बारे में।

UP Election congress SP alliance controversy- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस और सपा के नेताओं के बीच जमकर बयानबाजी।

उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी राजनीतिक दल प्रचार-प्रसार में भी जुटने लगे हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चुनाव से पहले ही आपस में सिरफुटौव्वल शुरू हो गया है। सीट बंटवारे के मुद्दे पर दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी हो रही है। अब समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी बड़ा बयान जारी करते हुए कह दिया है कि कांग्रेस अपने नेताओं को समझाए।

क्यों हो रहा है पूरा विवाद?

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद उत्तर प्रदेश में सीटों का बंटवारा जल्द करने की मांग कर रहे थे। इमरान मसूद ने कहा था कि अखिलेश यादव को ये समझ लेना चाहिए कि वक्त बीत रहा है, अगर गठबंधन करना है तो जल्दी से सीटें बांट लें। अब इमरान मसूद के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया। सपा की तरफ से पहले मैदान में सांसद इकरा हसन उतरीं। और अब सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी मोर्चा संभाल लिया है जिनका बड़ा बयान सामने आया है। धर्मेंद्र यादव ने कहा है कि कांग्रेस अपने नेताओं को समझाए अखिलेश यादव ही सीएम बनेंगे। किसी को शंका है तो वो इंतजार करें और देखें।

कांग्रेस अपने दम पर कुछ नहीं कर पाएगी- इकरा

इमरान मसूद को जवाब देने उतरीं सपा सांसद इकरा हसन। उन्होंने कहा कि यूपी में बीजेपी को अखिलेश के अलावा कोई और नहीं हरा सकता। कांग्रेस गलतफहमी में ना रहे तो अच्छा है। इकरा हसन ने कहा- "मुझे लगता है कि अगर उत्तर प्रदेश में कोई व्यक्ति ऐसा है जो भाजपा को हरा सकता है तो वो सिर्फ अखिलेश यादव जी हैं। कांग्रेस अपने दम पर कुछ नहीं कर पाएगी। गठबंधन रहा तो बहुत अच्छा रहेगा नहीं रहा तो ये उनके लिए नुकसान है, हमारे लिए नहीं।"

अखिलेश CM बनने जा रहे हैं- धर्मेंद्र यादव

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा- "कांग्रेस पार्टी को समझना चाहिए कि उनके नेताओं को क्या बयान देना है, क्या नहीं देना है। हमें यकीन है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के मिलने से इंडिया अलायंस को ऐतिहासिक सफलता मिली 2024 के चुनाव में, 2027 के चुनाव में उससे भी बड़ी सफलता मिलने जा रही है। और प्रचंड बहुमत से अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इसमें किसी को कोई शंका नहीं होनी चाहिए और जिनको शंका हो रही है वो इंतजार करें।"

इमरान मसूद ने दिलाई TMC की याद

समाजवादी पार्टी के नेताओं की ओर से दिए गए बयानों के जवाब में इमरान मसूद फिर से सामने आए और उन्होंने सपा को TMC की याद दिला दी। इमरान मसूद ने कहा- "देखिए कौन क्या कह रहा है, कौन क्या नहीं कह रहा है? टीएमसी के लोग भी बहुत कह रहे थे। हश्र देख लीजिए बंगाल में क्या हुआ। साथ मिलकर चलिए सुकून में रहेंगे।"

ये भी पढ़ें- यूपी में दलित वोटों को साधने की सियासत तेज, अखिलेश ने रिजर्व सीटों पर बढ़ाया फोकस, BJP ने भी बनाई रणनीति

'नीला गमछा ही नहीं, पूरे शरीर पर नीला रंग लगा लें, जनता सब जानती है', डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने सपा पर बोला हमला