उत्तर प्रदेश में योगी कैबिनेट का विस्तार, 6 नए मंत्रियों ने ली शपथ, कुल मंत्रियों की संख्या 60 पहुंची
उत्तर प्रदेश में 6 नए मंत्रियों ने शपथ ली है। इसके साथ ही योगी कैबिनेट में पूरे 60 मंत्री हो चुके हैं। रविवार को शपथ लेने वाले मंत्रियों में मनोज कुमार पांडे, भूपेंद्र सिंह, अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर भी शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में 6 नए मंत्रियों ने शपथ ली है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम लखनऊ में जन भवन में आयोजित हुआ। इस समारोह में भूपेंद्र सिंह चौधरी और मनोज पांडे कैबिनेट मंत्री बने। वहीं, अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बने। इसके अलावा कृष्णा पासवान, हंसराज विश्वकर्मा ने भी राज्य मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह पूरा होने के साथ ही योगी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 60 हो गई है।
भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने दोनों विधायकों को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई। वहीं, अजीत पाल, सोमेन्द्र तोमर ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार पद की शपथ ली। अभी तक यह दोनों योगी मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री थे। इन दोनों मंत्रियों का योगी मंत्रीमंडल में प्रमोशन हुआ है।
चार नेता बने राज्य मंत्री
कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने भी राज्य मंत्री पद की शपथ ली है। इस कार्यक्रम में पार्टी के कई बड़े नेता भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से लखनऊ स्थित 'जन भवन' में शिष्टाचार भेंट की थी। इस मुलाकात के बाद राज्य में मंत्रिपरिषद विस्तार की खबर पक्की हो गई थी। 'जन भवन' की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें श्री लालचंद राम द्वारा लिखित पुस्तक "भारतीय ज्ञान परंपरा अवधारणा" भेंट की।
उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं। 6 नए मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही यह संख्या पूरी हो चुकी है। अगले वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रिपरिषद विस्तार को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए आदित्यनाथ सरकार के विस्तार को लेकर एक वरिष्ठ मंत्री ने बताया, "मुझे लगता है कि इसकी पहले से ही बहुत उम्मीद की जा रही है।" यह प्रक्रिया पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में मार्च में हुए इसी तरह के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद हो रही है, जहां उत्तर प्रदेश की तरह ही 2027 में चुनाव होने हैं। पांच मंत्रियों की नियुक्ति के साथ, उत्तराखंड सरकार ने अब अपने 12 मंत्रियों का पूरा कोटा प्राप्त कर लिया है और उत्तर प्रदेश में भी छह अन्य मंत्रियों को शामिल कर मंत्रिमंडल की संख्या 60 पहुंचा दी गई है।
Live updates : UP Cabinet Expansion Updates
-
May 10, 2026 4:28 PM (IST) Posted by Shakti Singh
नए मंत्री बोले- जो जिम्मेदारियां मिलेंगी, पूरी करेंगे
उत्तर प्रदेश के मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा, "मैं मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष को धन्यवाद देता हूं। मुख्यमंत्री और संगठन के लोग मुझे जो भी जिम्मेदारियां देंगे, मैं उन्हें पूरा करूंगी।" वहीं, मंत्री सुरेंदर दिलेर ने कहा, "मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। बीजेपी सरकार, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, मैं उसे ठीक से निभाने की पूरी कोशिश करूंगा।"
-
May 10, 2026 4:18 PM (IST) Posted by Shakti Singh
मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश का बयान
सपा नेता अखिलेश यादव ने यूपी मंत्रिमंडल विस्तार पर लिखा, "समय बिताने के लिए करना है कुछ काम! वैसे भी मंत्रिमंडल के विस्तार में तो इनका कोई काम है नहीं। उधर से पर्ची आएगी, यहाँ तो सिर्फ़ पढ़ी जाएगी। भाजपा राज में वैसे भी CM का मतलब बस यही रह गया है : Courier-Messenger. वैसे जनता पूछ रही है कि फ़िल्म सबसे आगे बैठकर देखेंगे या पीछे बैठकर? जनता का अनुरोध है कि फ़िल्म ध्यान से देखिएगा… हो सकता है ‘कर्मफल-कंसफल’ का सिद्धांत समझकर कुछ जागरण हो जाए और कुछ अच्छा बदलाव भी। हम तो यही मानते हैं कि मूल रूप से व्यक्ति नहीं उसका ‘लालच-लोभ’ ही बुरा होता है, जो धीरे-धीरे उसका दुराचरण बन जाता है। बुराई इंसान को और बुरा बनाती जाती है। इसके विपरीत ये भी सच है कि जब व्यक्ति ‘स्वार्थ’ को छोड़कर ‘परमार्थ’ के मार्ग पर चल निकलता है तो सकारात्मक परिवर्तन आ सकता है, वो मानवता के लिए सार्थक साबित हो सकता है। अपने अंदर की सौ बुराइयों के ऊपर चंद अच्छाइयां जीत हासिल कर सकती हैं, यही महाकाव्यों का गहरा आंतरिक संदेश है। अपनी गलतियों और दुर्भावनाओं के लिए प्रायश्चित करने का कोई स्थान नियत नहीं होता है, इसके लिए अंदर का प्रकाश चाहिए जो सैकड़ों लोगों के बीच ‘अंधेरे बंद परिसर’ में भी हो सकता है। तमसो मा ज्योतिर्गमय!"
-
May 10, 2026 4:13 PM (IST) Posted by Shakti Singh
योगी मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार
यह योगी 2.0 मिनिस्ट्री का दूसरा विस्तार है। पहला विस्तार सरकार बनने के दो साल बाद मार्च 2024 में हुआ था। उस विस्तार के दौरान, गठबंधन के साथी और सुभाषपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, आरएलडी के अनिल कुमार, सुनील कुमार शर्मा, और सपा से बसपा में लौटे दारा सिंह चौहान को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।
-
May 10, 2026 4:11 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सपा के बागी मनोज पांडे भी कैबिनेट मंत्री बने
जनभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में, बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और सपा के बागी मनोज पांडे को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। राज्य मंत्री अजीत पाल सिंह और सोमेंद्र तोमर को इंडिपेंडेंट चार्ज वाले राज्य मंत्री के पद पर प्रमोट किया गया। चार नए राज्य मंत्रियों कृष्ण पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत ने शपथ ली। गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने नए बने मंत्रियों को शपथ दिलाई।
-
May 10, 2026 4:10 PM (IST) Posted by Shakti Singh
चुनाव से कुछ महीने पहले बड़ा बदलाव
योगी आदित्यनाथ 2.0 मिनिस्ट्री के दूसरे विस्तार में उत्तर प्रदेश सरकार में दो कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्री शामिल किए गए, जबकि दो राज्य मंत्रियों को प्रमोट करके इंडिपेंडेंट चार्ज दिया गया। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
-
May 10, 2026 4:01 PM (IST) Posted by Shakti Singh
इनविधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
भाजपा नेता अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्ण पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।
-
May 10, 2026 3:48 PM (IST) Posted by Shakti Singh
चौतरफा विकास की कोशिश कर रही सरकार- सुरेश कुमार खन्ना
कैबिनेट विस्तार पर उत्तर प्रदेश के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा, "यह मुख्यमंत्री का अधिकार है। डबल इंजन सरकार राज्य में चौतरफा विकास सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है।" वहीं, केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरीने कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि चीजें काफी समय से रुकी हुई थीं, अब फैसला हो रहा है। थोड़ी देर में सब पता चल जाएगा।"
-
May 10, 2026 3:41 PM (IST) Posted by Shakti Singh
शुरू हुआ कार्यक्रम
लखनऊ के जन भवन में मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो चुका है। कुल 6 मंत्री शपथ ले रहे हैं। पहले ही इसके कयास लगाए जा रहे थे।
-
May 10, 2026 3:35 PM (IST) Posted by Shakti Singh
मंत्रिमंडल विस्तार में इनको बनाया जा सकता है मंत्री
आज के मंत्रिमंडल विस्तार में ब्राह्मण समाज से आने वाले रायबरेली की ऊंचाहार सीट के विधायक मनोज पांडेय, जाट समाज से आने वाले भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, अति पिछड़ी जाति से आने वाले वाराणसी के विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, फतेहपुर की खागा सुरक्षित सीट से विधायक अनुसूचित जाति की कृष्णा पासवान, वाल्मीकि समाज से आने वाले अलीगढ़ के खैर से विधायक सुरेन्द्र दिलेर और लोध समाज से आने वाले कन्नौज के तिर्वा से विधायक कैलाश राजपूत को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा ये चर्चा है कि कुछ मौजूदा मंत्रियों का कद बढ़ाया जा सकता है। कुछ राज्य मंत्री को स्वंतत्र प्रभार तो वहीं कुछ स्वतंत्र प्रभार मंत्रियों को कैबिनेट भी बनाया जा सकता है।