1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य की गाड़ी का एक्सीडेंट, आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कठफोरी के पास हुआ हादसा

UP की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य की गाड़ी का एक्सीडेंट, आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कठफोरी के पास हुआ हादसा

बेबी रानी मौर्य की गाड़ी के आगे चल रहे ट्रक का पहिया फटने से हादसा हुआ। हालांकि, इसमें कैबिनेट मंत्री बाल-बाल गईं, लेकिन उनकी फॉरच्यूनर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

Baby Rani Maurya- India TV Hindi
Image Source : X/BABYRANIMAURYA बेबी रानी मौर्य

उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को हादसे का शिकार हो गईं। इस हादसे में वह बाल-बाल बच गईं। उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। बेबी रानी मौर्य लखनऊ जा रही थीं। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के 56वें किलोमीटर पर कठफोरी के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिरसागंज सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, शुक्रवार को हाथरस में कई कार्यक्रमों में शामिल होने गई थीं। लौटते समय उनकी कार आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गई। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित ट्रक मंत्री के वाहन से टकरा गया। इस हादसे में वह बाल बाल बच गईं, लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। 

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

कैबिनेट मंत्री ने बेबी रानी अपने प्रभारी जनपद हाथरस में कई कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंची थीं। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हुईं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद के पास 56वें किलोमीटर पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। एक्सप्रेसवे पर दोनों तरफ का यातायात एक ही मार्ग से संचालित हो रहा था। कैबिनेट मंत्री की फॉरच्यूनर कार के आगे एक ट्रक चल रहा था, अचानक ट्रक का टायर फट गया। इसके वह अनियंत्रित हो गया और बेबी रानी की गाड़ी से टकरा गया। फॉरच्यूनर ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, इस दौरान फॉरच्यूनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे कम करने के लिए कदम उठाने के निर्देश

हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया गया। हादसे के बाद कैबिनेट मंत्री ने पुलिस के अधिकारियों को एक्सप्रेसवे पर हादसों की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद वह दूसरे वाहन में सवार होकर लखनऊ रवाना हो गईं।

(फिरोजाबाद से लवकुश शर्मा की रिपोर्ट)