1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'हमने यूपी की बीमारी को दूर किया, अब बीमारू नहीं विकास करने वाला राज्य', सीएम योगी का बड़ा बयान

'हमने यूपी की बीमारी को दूर किया, अब बीमारू नहीं विकास करने वाला राज्य', सीएम योगी का बड़ा बयान

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ नगर निगम के लिए 250 EV और CNG कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई। सीएम ने कहा कि ये वाहन स्वच्छता, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति 'डबल-इंजन सरकार' की प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ - India TV Hindi
Image Source : ANI सीएम योगी आदित्यनाथ। फाइल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ नगर निगम के लिए 250 इलेक्ट्रिक और CNG वाहनों को हरी झंडी दिखाई। यह कदम राज्य सरकार के शहरी स्वच्छता और सतत विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों का एक हिस्सा है। एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने 'ज़ीरो वेस्ट से ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन' के लक्ष्य की दिशा में उत्तर प्रदेश की प्रगति पर ज़ोर दिया।

सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर जोरदार हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2017 के पहले जो लोग सत्ता में थे। इनके कारनामे ऐसे थे कि कूड़े से भरे हुए थे। सोच भी वही थी। परिणाम क्या था? बीमारियां होती थी। इनसेफ्लाइटिस, डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया। ये सब बीमारियां वहीं से खड़ी होती थी। इसकी वजह से यूपी जो देश का विरासत और विकास को लीड करने वाला राज्य होना चाहिए था, वह राज्य ही बीमार हो गया। यहां का मासूम तड़प-तड़प करके मरता था, इनकी संवेदना मर चुकी थी। ये सत्ताधारी लोग मौन बनकर के तमाशबीन बने रहते थे। आज हम कह सकते हैं यूपी अब बीमारू राज्य नहीं है।

यूपी अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन करके उभरा

सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी अर्थव्यवस्था का एक ग्रोथ इंजन बन करके उभरा है। देश की टॉप थ्री अर्थव्यवस्था में यूपी आज अपने आपको स्थापित करता है। यूपी में अब इनसेफ्लाइटिस नहीं है। डेंगू, कालाजार, मलेरिया, फाइलेरिया नहीं है। हमने यूपी की बीमारी को भी दूर किया है और उत्तर प्रदेश के अंदर कूड़े के कारण जो बीमारियां होती थी इन बीमारियों को भी दूर किया है।