A
Hindi News उत्तर प्रदेश यूपी: प्यार की खातिर रिजवाना ने अपनाया सनातन धर्म, नया नाम पूजा मिला, प्रेमी आशुतोष के साथ लिए सात फेरे

यूपी: प्यार की खातिर रिजवाना ने अपनाया सनातन धर्म, नया नाम पूजा मिला, प्रेमी आशुतोष के साथ लिए सात फेरे

यूपी के सीतापुर में एक लड़की रिजवाना ने प्यार की खातिर अपना धर्म त्याग दिया और सनातन धर्म अपना लिया। रिजवाना ने अपना नाम बदलकर पूजा कर लिया।

Rizwana- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT रिजवाना ने प्यार की खातिर अपना धर्म त्याग दिया

सीतापुर: यूपी के सीतापुर से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसमें लड़की ने अपने प्यार को पाने की खातिर अपना धर्म बदल दिया। उसने इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया और रिजवाना से पूजा बन गई। इसके साथ ही लड़की ने अपने प्रेमी आशुतोष के साथ शादी के सात फेरे लिए। इस मामले की इलाके में काफी चर्चा हो रही है और लोग लड़की की हिम्मत की दाद दे रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

यूपी के सीतापुर के तंबौर इलाके में प्रेम के लिए धर्म की दीवार तोड़ने का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम युवती ने सनातन धर्म अपनाकर अपने प्रेमी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। 

मिली जानकारी के अनुसार, तंबौर कस्बे के ककरहा गांव की रहने वाली रिजवाना का महराजगंज निवासी आशुतोष यादव के साथ करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक अड़चनों के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि युवती ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म स्वीकार कर लिया और अपना नाम बदलकर पूजा रख लिया। इसके बाद दोनों ने एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। विवाह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी परंपराओं का पालन किया गया। 

दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। इस शादी में दोनों परिवारों ने दूरी बनाए रखी। ऐसे में राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता ही दोनों के साथ मौजूद रहे और उनकी शादी संपन्न कराई। संगठन के कार्याध्यक्ष सीनू मिश्रा ने बताया कि दोनों युवक-युवती बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते थे। 

परिवारों की सहमति न मिलने के कारण संगठन ने उनकी मदद की और हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराया। शादी के बाद दोनों दंपति वहां से सुरक्षित स्थान के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद इलाके में इस विवाह को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और प्रेम के लिए मजहब की दीवार तोड़ने की यह कहानी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। (इनपुट: सीतापुर से मोहित मिश्रा)