1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने बस को बनाया निशाना, की फायरिंग, पुलिस ने मुठभेड़ में मारी गोली

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने बस को बनाया निशाना, की फायरिंग, पुलिस ने मुठभेड़ में मारी गोली

गाजियाबाद में मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर स्कूटी सवार दो युवकों ने एक बस पर कई राउंड फायरिंग कर दी जिसमें गोली लगने से बस में सवार दो लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए दोनों बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।

Accused arrested in a police encounter- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बस पर फायरिंग करने वाले बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर 28 सितंबर की देर रात स्कूटी सवार दो युवकों ने एक बस पर कई राउंड फायरिंग कर दी थी, जिसमें इस घटना में गोली लगने से बस में सवार दो लोग घायल हो गए थे। पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने 2 अक्टूबर के तड़के मुठभेड़ के दौरान घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना 30 सितंबर की रात करीब 11:40 बजे हाईटेक कॉलेज के सामने मेरठ की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई थी। इसमें बस चालक सरफूद्दीन निवासी अलापुर, बदायूं ने पुलिस को बताया कि बस दिल्ली के उस्मानपुर से बदायूं  जा रही थी। आरोप है कि स्कूटी सवार दो लोग बस का पीछा कर रहे थे। लालकुआं से आगे उन्होंने कई बार बस पर हमला करने का प्रयास किया और हाईटेक कॉलेज के सामने बस के कंडक्टर साइड से कई राउंड फायरिंग की थी। वहीं इस मामले में पुलिस ने एक्शन लेने के साथ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध हथियार, कारतूस, खोखे हुए बरामद

गाजियाबाद में मसूरी थाना क्षेत्र में बस पर कई राउंड फायरिंग की घटना में शामिल गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने दो अवैध हथियार, कारतूस, खोखे और वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार को भूड़गढ़ी बंबा पटरी पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी जिसमें घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अनस (26) पुत्र चांद, निवासी तीसरा पुस्ता, जगजीत नगर, गली नंबर-7, थाना न्यू उस्मान नगर, दिल्ली और नदीम (23) पुत्र अनीश, निवासी न्यू मुस्तफाबाद, नेहरू विहार, थाना दयालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।

बस सवार हेल्पर और मालिक के दोस्त को लगी थी गोली

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर फायरिंग में बस में सवार हेल्पर तालिब हुसैन (25) के कंधे के पास और बस मालिक के दोस्त कमरुद्दीन (42) की गर्दन में गोली लगी। सूचना मिलने पर मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को अस्पताल भिजवाया था। पुलिस के मुताबिक बस मालिक का रुपये-पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद बताया जा रहा था। इसी विवाद के चलते हमले की आशंका जताई गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों का चार-पांच दिन पहले दिल्ली में पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद हुआ था जिसमें दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे जहां पर आपस में समझौता हो गया था।

(रिपोर्ट - जुबैर अख्तर)

ये भी पढ़ें

 

निर्माणाधीन मंदिर गिराने पहुंचे बुलडोजर के सामने बैठकर भजन गाने लगी महिलाएं, बैरंग लौटी MDA की टीम

मां ने लिंग परिवर्तन कराने की नहीं दी परमिशन तो नाबालिग बेटे ने मार डाला, समझाने के दौरान लोहे के रिंच से किया हमला