1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश में 8 IAS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, जानें किस अधिकारी को मिली कौन सी जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में 8 IAS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, जानें किस अधिकारी को मिली कौन सी जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश सरकार ने 8 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसमें प्रमुख बदलाव नियोजन, परिवहन, पर्यटन, और वक्फ विभागों में हुए हैं। सेल्वा कुमारी जे. को प्राविधिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई, जबकि प्रभु नारायण सिंह को यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम का MD बनाया गया है।

UP IAS transfers, UP government officials transfer, Selva Kumari J, Ashish Kumar- India TV Hindi
Image Source : PTI उत्तर प्रदेश सरकार ने 8 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर किया है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए 8 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इन तबादलों से नियोजन, परिवहन, पर्यटन, शहरी विकास और वक्फ जैसे क्षेत्रों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। तबादला आदेश के अनुसार, पहला बड़ा बदलाव नियोजन विभाग में हुआ है। सेल्वा कुमारी जे., जो पहले नियोजन विभाग की सचिव और अर्थ एवं संख्या की महानिदेशक थीं, अब प्राविधिक शिक्षा की महानिदेशक और प्राविधिक शिक्षा विभाग की सचिव बनाई गई हैं।

पर्यटन और रजिस्ट्रेशन विभागों में भी हुए तबादले

समीर वर्मा, जो प्रतीक्षारत थे, अब नियोजन विभाग के सचिव और अर्थ एवं संख्या के महानिदेशक का जिम्मा संभालेंगे। IAS अधिकारी प्रभु नारायण सिंह, जो प्रतीक्षारत थे, अब उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक बनाए गए हैं। पहले इस पद पर मासूम अली सरवर थे, जो अब उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी होंगे। पर्यटन और रजिस्ट्रेशन विभागों में भी तबादले हुए हैं। आशीष कुमार, जो स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में विशेष सचिव और अपर महानिरीक्षक, निबंधन थे, अब उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक बनाए गए हैं।

कानपुर के नगर आयुक्त का भी हुआ ट्रांसफर

सुधीर कुमार, जो कानपुर नगर के नगर आयुक्त थे, अब स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में विशेष सचिव और अपर महानिरीक्षक, निबंधन होंगे। अर्पित उपाध्याय, जो रायबरेली में मुख्य विकास अधिकारी थे, अब कानपुर नगर के नगर आयुक्त बनाए गए हैं। उनकी जगह अंजुलता, जो मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की सचिव थीं, अब रायबरेली की मुख्य विकास अधिकारी होंगी। माना जा रहा है कि इन तबादलों से उत्तर प्रदेश में शासन और प्रशासन और भी ज्यादा चुस्त और दुरुस्त होगा।