A
Hindi News उत्तर प्रदेश यूपी: जगद्गुरु रामभद्राचार्य का बड़ा बयान, कहा- "देश में दूसरी बाबरी मस्जिद नहीं बनेगी और ना बनने दी जाएगी"

यूपी: जगद्गुरु रामभद्राचार्य का बड़ा बयान, कहा- "देश में दूसरी बाबरी मस्जिद नहीं बनेगी और ना बनने दी जाएगी"

आध्यात्मिक गुरु और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने बाबरी मस्जिद को लेकर कहा है कि ये मस्जिद बिल्कुल नहीं बनेगी और ना बनने दी जाएगी।

Jagadguru Rambhadracharya- India TV Hindi Image Source : ANI जगद्गुरु रामभद्राचार्य

लखनऊ: आध्यात्मिक गुरु और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने बाबरी मस्जिद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "देश में दूसरी बाबरी मस्जिद नहीं बनेगी और ना बनने दी जाएगी। इसका (बाबरी मस्जिद का) निर्माण नहीं होगा"

रामभद्राचार्य ने और क्या कहा?

रामभद्राचार्य ने कहा, "हिंदू बंटेगा तो कटेगा। इसलिए हमें एक होना है। चाहें पंथ अनेक हों लेकिन हम सब हिंदू एक हों।"

संवाददाता ने रामभद्राचार्य से पूछा कि सीएम योगी कह रहे हैं कि इस देश में दूसरी बाबरी मस्जिद नहीं बनेगी तो इस पर रामभद्राचार्य ने कहा, "बिल्कुल नहीं बनेगी और ना बनने दी जाएगी।" रामभद्राचार्य ने कहा, "विपक्ष बौखलाया हुआ है। वो राम को भूल गए।"

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का काम शुरू

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में आज से बाबरी मस्जिद के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। इसका नेतृत्व टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर कर रहे हैं। आज मस्जिद निर्माण से पहले हुमायूं कबीर ने लोगों के साथ कुरान पढ़ी। 

इस मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हुई और जेसीबी के जरिए नींव के लिए मिट्टी हटाने का काम शुरू हुआ। 

क्या है मस्जिद की खासियत?

ये मस्जिद 11 बीघे जमीन पर बन रही है। इसे बनाने में 2 साल का समय लगेगा। 

मस्जिद के निर्माण का काम शुरू होने के मौके पर जन उन्नयन पार्टी के चीफ हुमायूं कबीर ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। मैं ऊपर वाले का शुक्रिया अदा करता हूं। आज इतने सारे लोग मेरे साथ खड़े हैं, मैं उन सभी का भी शुक्रिया अदा करता हूं। दूसरों को मेरा विरोध करने दो। अगले दो सालों में, मुझे उम्मीद है कि बाबरी मस्जिद का ढांचा पूरा हो जाएगा। मंदिर बनाना ठीक है, लेकिन अगर कोई मुसलमान मस्जिद बनाना चाहता है, तो वे इसका विरोध कर रहे हैं। हम उन्हें सत्ता से बाहर कर देंगे।"

हुमांयू कबीर के नेतृत्व में बन रही ये बाबरी मस्जिद देशभर में चर्चा का विषय है। इसको लेकर सियासत भी हो रही है और बयानबाजियों का दौर जारी है।