उत्तर प्रदेश के कानपुर में कोल्डड्रिंक और सिगरेट के बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के गुजैनी में दबंगों पर एक युवक को सड़क पर घेरकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। हमलावरों ने कथित तौर पर युवक के सिर पर ईंटों और हाथों में पहने धारदार लोहे के कड़ों से वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने युवक को लात-घूंसों से पीटा। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
गुजैनी के जी-ब्लॉक निवासी अभय मिश्रा के मुताबिक, 18 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने घर के पास स्थित एक दुकान पर कोल्डड्रिंक पी रहे थे। आरोप है इसी दौरान इलाके का रहने वाला राजा अपने साथियों मोनू, शिवम सूखी, डेंगूर और पांच अज्ञात युवकों के साथ वहां पहुंच गया। अचानक इतने युवकों के एक साथ पहुंचने के बाद विवाद की स्थिति बन गई। अभय का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उनसे अपनी कोल्डड्रिंक और सिगरेट का बिल चुकाने को कहा।
बिल चुकाने का विरोध करते ही मारपीट
पीड़ित के अनुसार, कथित तौर पर आरोपियों ने अपनी कोल्डड्रिंक और सिगरेट का भुगतान करने के लिए दबाव बनाया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो युवक गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि हमलावरों ने अभय को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आपको बता दें कि कानपुर में बदमाश बेखौफ होते जा रहे हैं। हाल ही में लालबंगला इलाके में बदमाशों ने ASI की सास को सड़क पर पटका और उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए हैं।
लोहे के धारदार कड़ों और ईंटों से वार
पीड़ित अभय का आरोप है कि हमलावरों ने हाथों में पहने धारदार लोहे के कड़ों और ईंटों से उन पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान अभय जमीन पर गिर पड़े, लेकिन हमलावरों ने उन्हें छोड़ने के बजाय लात-घूंसों से पीटना जारी रखा। सड़क पर युवक के साथ हो रही मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े मोहल्ले के लोग
मारपीट के दौरान अभय की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और मोहल्ले के निवासी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को हमलावरों से छुड़ाया। स्थानीय लोगों के पहुंचने के बाद आरोपियों को वहां से हटना पड़ा। पीड़ित का आरोप है कि भागते समय भी हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ FIR
घटना के बाद अभय मिश्रा ने गोविंद नगर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोविंद नगर थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और पीड़ित की शिकायत के आधार पर आगे की जांच कर रही है। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- जमानत एक, मुजरिम अनेक, कानपुर के बेल सिंडिकेट का खेल खत्म, 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
कानपुर में दहला देने वाली वारदात, भंडारे में जा रही 14 साल की किशोरी से दरिंदगी का प्रयास, विरोध करने पर बहन को पीटा