1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर पहुंची थाईलैंड की महिला, युवक पर लगाया 60 लाख रुपये की ठगी और धर्म परिवर्तन के दबाव आरोप, जांच में जुटी पुलिस

कानपुर पहुंची थाईलैंड की महिला, युवक पर लगाया 60 लाख रुपये की ठगी और धर्म परिवर्तन के दबाव आरोप, जांच में जुटी पुलिस

यूपी के कानपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। थाईलैंड की महिला ने एक युवक पर इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी करने और 60 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। महिला ने कहा है कि उसने जब युवक से पैसे मांगे तो उसपर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।

kanpur thai women accused man of fraud and conversion- India TV Hindi
Image Source : REPORTER थाई महिला ने कानपुर के युवक पर लगाए गंभीर आरोप।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक थाई महिला ने अनवरगंज निवासी मोहम्मद इरफान पर करीब 60 लाख रुपये की ठगी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि इरफान से उसकी मुलाकात करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी हुई थी। इसके बाद दोनों एक दूसरे से मिले, दोनों के बीच संबंध बने और करीब दो साल पहले थाई रीति-रिवाज से शादी भी हुई। महिला ने पुलिस को शादी की तस्वीरें और अन्य दस्तावेज भी सौंपे हैं। महिला के मुताबिक, इरफान का थाईलैंड में कारोबार के सिलसिले में आना-जाना था। इसी दौरान दोनों संपर्क में आए थे। संबंध आगे बढ़ने के बाद कथित तौर पर इरफान ने कारोबार के लिए थाई महिला से पैसे मांगे। महिला का आरोप है कि एक बार में रकम लेने के बजाय अलग-अलग मौकों पर उससे करीब 60 लाख रुपये लिए गए।

पैसे वापस मांगे तो धर्म बदलने का आरोप

महिला ने पुलिस को बताया कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो इरफान ने उसके सामने धर्म परिवर्तन कर भारत आकर उसके साथ रहने की बात रखी। महिला का आरोप है कि पैसे वापस करने के बजाय उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया। पीड़िता थाई महिला के मुताबिक, उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि इरफान पहले से शादीशुदा है। उसका दावा है कि जब वह इरफान के घर पहुंची, तब उसे उसकी शादी और परिवार के बारे में जानकारी हुई।

घर पहुंची तो सामने आया 14 साल पुरानी शादी का दावा

महिला ने पुलिस को बताया कि उसे हाल ही में पता चला कि इरफान की शादी करीब 14 साल पहले हो चुकी है और उसके तीन बच्चे हैं। यह जानकारी मिलने के बाद उसे बड़ा झटका लगा। इसके बाद उसने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। पीड़िता ने एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उसने इस दौरान अधिकारियों को अपने और इरफान के साथ की शादी की तस्वीरें समेत अन्य दस्तावेज भी सौंपे हैं।

मुझे सिर्फ अपने पैसे वापस चाहिए- महिला

पुलिस के सामने महिला ने कहा कि वह फिलहाल अपने पैसे वापस चाहती है। उसका कहना है कि उसे अपने देश के बैंक को हर महीने भुगतान करना पड़ता है और उसने कुछ रकम दूसरों से उधार भी ली थी। महिला का आरोप है कि इरफान ने अब तक उसे कोई पैसा वापस नहीं किया है। फिलहाल महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस शादी से जुड़े दस्तावेज, पैसों के लेनदेन और महिला की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। आरोपी पक्ष का बयान सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- पुलिस और एसओजी ने नकली नोटों के साथ तीन को पकड़ा, 2,54,900 रुपये के नोट बराबद

ऊपर और नीचे असली नोट, गड्डी के बीच में कागज की कटिंग, मेरठ में फेक करेंसी का खेल, 5 गिरफ्तार