उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिल्ली में बम ब्लास्ट कराने के लिए चुने जाने की धमकी से हड़कंप मच गया। UPPSC की तैयारी कर रहे एक छात्र ने अपने दोस्त को फोन कर कथित तौर पर कहा कि उस पर एक संगठन की काफी समय से नजर थी और उसे दिल्ली में बम ब्लास्ट के लिए चुना गया है। मामले की जांच के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी सूरज वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से औरैया के दिबियापुर का रहने वाला बताया गया है और कानपुर में अपनी चाची के इलाज के सिलसिले में आया था।
दोस्त को फोन कर दी बम ब्लास्ट की धमकी
कानपुर में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस से सूचना मिली थी कि दिल्ली के मुखर्जी नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र रोहित को धमकी भरा फोन आया है। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को लाहौर से बोलने वाला बताया और कहा कि ‘जन्नत-ए-फिरदौस’ संगठन की उस पर काफी समय से नजर थी। उसे दिल्ली में बम ब्लास्ट के लिए चुना गया है। इसके बाद कॉल काट दी गई।
जियो फाइबर नंबर से जुड़ा मामला
दिल्ली पुलिस ने बताया कि कॉल जियो फाइबर नंबर से की गई थी, जो काकादेव के नवीन नगर निवासी मनोज कुमार वर्मा के नाम पर था। सूचना मिलने के बाद काकादेव पुलिस की सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की। टीम मनोज के घर पहुंची, जहां उनका बेटा अक्षत वर्मा मिला। अक्षत नीट की तैयारी कर रहा है।
चाची के इलाज के लिए कानपुर आया था आरोपी
पूछताछ में अक्षत ने बताया कि औरैया के दिबियापुर निवासी उसका चचेरा भाई सूरज वर्मा कुछ दिन पहले घर आया था। सूरज यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। उसकी चाची कैंसर से पीड़ित हैं और पारस हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने जांच के बाद सूरज को पकड़ लिया।
आरोपी ने बताया - दोस्त को डराने के लिए किया था फोन
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सूरज ने दावा किया कि उसने अपने दोस्त रोहित को डराने के लिए प्रैंक कॉल की थी। हालांकि, धमकी की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच की गई। लोकल इंटेलिजेंस ने भी आरोपी से पूछताछ की। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। धमकी देने के पीछे आरोपी की वास्तविक मंशा और अन्य संभावित कनेक्शन की पुष्टि जांच के आधार पर ही हो सकेगी।
(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें
करवाचौथ पर किया गिफ्ट देने का वादा, पत्नी गयी मार्केट, लौटकर आयी तो उजड़ गया सुहाग, फंदे पर मिला पति का शव
मुरादाबाद का नटवरलाल, फर्जी RTO के बाद अब फर्जी MDA अफसर बनकर वसूली, वीडियो वायरल