उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसमें प्रेमी-प्रेमिका ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की, जिसमें दोनों आगरा नहर के किनारे बेहोशी की हालत में मिले। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत केएम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध था।
युवक का विवाहित महिला के साथ करीब तीन साल से प्रेम संबंध था
मथुरा जिले में हुई इस घटना को लेकर देवीपुरा थाना हाईवे निवासी शिवम ने पुलिस को बताया कि उसके भाई जितेंद्र ने फोन कर जानकारी दी थी कि उसने अपनी विवाहित प्रेमिका के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया है। इसके बाद शिवम ने डायल-112 पर सूचना दी। घटना मगोर्रा थाना क्षेत्र की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में भर्ती युवक ने बताया कि उसका मगोर्रा क्षेत्र के नगला झींगा निवासी 38 साल की विवाहित महिला के साथ करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। दोनों हाईवे थाना क्षेत्र की एक साड़ी फैक्ट्री में साथ काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका प्रेम संबंध हो गया। बताया गया कि दोनों अक्सर साथ घूमने भी जाते थे। जब उनके परिवारों को रिश्ते की जानकारी हुई तो दोनों पर बंदिशें लगाई जाने लगीं। इसके बाद 13 अगस्त को दोनों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया और आगरा नहर के किनारे जाकर बैठ गए। कुछ समय बाद दोनों की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़े।
महिला की मौत के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लिया
आगरा नहर के किनारे जहरीला पदार्थ खाकर जब महिला और पुरुष दोनों बेहोश होकर वहां गिर पड़े तो इस मामले की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। महिला की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं युवक का इलाज आईसीयू में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
(रिपोर्ट - विपिन सारस्वत)
ये भी पढ़ें
अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों की दो स्कॉर्पियो प्रतापगढ़ पुलिस ने जब्त की, अब और बढ़ने वाली हैं मुश्किलें
आम के बाग में मिला युवती का शव, मां का आरोप- प्रेमी ने मार डाला, 3 महीने की प्रेग्नेंसी की बात भी सामने आई