1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ऑपरेशन 'प्रहार' में मऊ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में इनामी गौ-तस्कर को किया गिरफ्तार

ऑपरेशन 'प्रहार' में मऊ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में इनामी गौ-तस्कर को किया गिरफ्तार

मऊ पुलिस ने 21 जुलाई की देर रात ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की जिसमें उन्होंने एक कथित इनामी अंतरजनपदीय गौ-तस्कर के साथ हुई मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया।

Accused in police custody- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।

उत्तर प्रदेश के मऊ में अपराध और संगठित तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत मऊ पुलिस को बुधवार देर रात बड़ी सफलता मिली। कोपागंज थाना क्षेत्र में पुलिस और एक कथित इनामी अंतरजनपदीय गौ-तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद उस आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि उसके खिलाफ मऊ और बलिया जनपद में गौवध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी

प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस लगातार सक्रिय है। इनामी एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें दिन-रात उनकी लोकेशन ट्रेस कर दबिश दे रही हैं। इसी अभियान के तहत 21 जुलाई की देर रात कोपागंज थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। घटना रात करीब दो बजे इंदारा रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां पुलिस को सूचना मिली कि गौवध अधिनियम के मुकदमा अपराध संख्या 106/26 में वांछित एवं इनामी आरोपी इला पुत्र नसीर उम्र 35 साल निवासी चेला राम का पूरा थाना कोपागंज कटवास की ओर से इंदारा रेलवे स्टेशन जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार करने के साथ पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोपागंज पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

आरोपी के खिलाफ गौवध अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं

मऊ पुलिस ने गिरफ्तार इनामी आरोपी को लेकर दी जानकारी में बताया कि उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले हैं। वहीं शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसके विरुद्ध मऊ और बलिया जनपद में गौवध अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बलिया के सिकंदरपुर थाने में भी उसके खिलाफ संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की पूरी जांच पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा संगठित अपराध से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

(रिपोर्ट - राकेश कुमार सिंह)

ये भी पढ़ें

चर्चित सुनील यादव हत्याकांड में पुलिस को झटका, गैंगस्टर एक्ट मामले में तीन आरोपियों की रिमांड अर्जी खारिज

यूपी में दिखी सच्चे प्यार की मिसाल, बीमार पत्नी की मौत से सदमे में आए पति ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठी अर्थी