A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'अब सपा में होगी बड़ी टूट', ओपी राजभर का बड़ा दावा, मंत्री के बयान से गरमाई यूपी की सियासत

'अब सपा में होगी बड़ी टूट', ओपी राजभर का बड़ा दावा, मंत्री के बयान से गरमाई यूपी की सियासत

यूपी के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी (SP) में जल्द ही बड़ी टूट हो सकती है। राजभर ने कहा कि लोगों को महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल को भूल जाना चाहिए क्योंकि पूरी समाजवादी पार्टी बीजेपी में शामिल होने के लिए तैयार है।

यूपी के मंत्री ओम प्रकाश राजभर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER यूपी के मंत्री ओम प्रकाश राजभर

लखनऊः पश्चिम बंगाल में टीएमसी और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना में टूट के बाद अब यूपी की प्रमुख विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) में भी टूट हो सकती है। ये दावा यूपी के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने किया है। राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ट्वीट कर सपा में बड़ी टूट का दावा किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है''। खबर लिखे जाने तक राजभर के बयान पर सपा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 

पूरी सपा बीजेपी में शामिल होने को तैयारः राजभर

ओपी राजभर ने कहा कि खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।

ओपी राजभर का बयान यहां सुनें 

बीजेपी के साथ जाएंगे सपा से टूटने वाले सांसदः ओपी राजभर

एक्स हैंडल पर पोस्ट के बाद ओपी राजभर के बयान का एक वीडियो भी सामने आया है। इनमें मंत्री ओपी राजभर ने दावा किया कि सपा के सीनियर नेता राम गोपाल यादव ने अमित शाह को एक गोपनीय पत्र दिया है। राम गोपाल पत्र देने के बाद मुस्कराते हुए चले गए। जो बंगाल में TMC का हुआ, महाराष्ट्र में उद्धव का हश्र हुआ वो अब यूपी में सपा का होगा। राजभर ने कहा कि संभवतः राम गोपाल ने पत्र में उन सांसदों के नाम दिए होंगे, जो टूट सकते हैं। सपा के बड़ी संख्या में सांसद टूटने जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा से टूटने वाले सांसद बीजेपी के साथ जा सकते हैं। 

ब्राह्मण नेताओं के साथ मीटिंग पर कसा तंज

सपा के ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर भी मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। राजभर ने कहा कि जाति व्यवस्था में सबसे विद्वान ब्राह्मण होता है। अब ब्राह्मण को अखिलेश यादव समझाने के लिए काम कर रहे हैं। इटावा में कथावाचक विवाद में अखिलेश यादव ने कहा था यादव भी कथा कह सकता है। ओपी राजभर ने कहा कि सपा के ब्राह्मण सभा में सिर्फ यादव ही यादव दिखेंगे। जैसे बसपा की बैठक में जेएनयू पहन कर कैडर के नेता बैठते थे, वैसे ही सपा यादवों को ब्राह्मण सम्मेलन में बैठाएगी। 

टीएमसी के बाद शिवसेना यूबीटी में टूट की अटकलें

बता दें कि अभी हाल में ही बंगाल चुनाव के बाद ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में बड़ी टूट हुई। इसके बाद अब महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के छह सांसदों ने बगावत कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव के बागी सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात कर हस्ताक्षरयुक्त पत्र भी सौंपा है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।  

ये भी पढ़ेंः मायावती ने OBC तो अखिलेश यादव की ब्राह्मण नेताओं के साथ मीटिंग, यूपी में बिछने लगी चुनावी बिसात

 दशकों की वफादारी खत्म! कौन हैं वो बागी सांसद, जिन्होंने उद्धव ठाकरे की नींद उड़ा दी? जानिए बागी MPs से जुड़े हर सवाल का जवाब