1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में MLC चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार आज खत्म, BJP-SP ने झोंकी ताकत! 23 को वोटिंग और 27 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट

यूपी में MLC चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार आज खत्म, BJP-SP ने झोंकी ताकत! 23 को वोटिंग और 27 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट

Uttar Pradesh में MLC चुनाव के लिए आज प्रचार-प्रसार खत्म हो गया है। यूपी की 11 सीटों पर दो दिन बाद 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी और रिजल्ट 27 अक्टूबर को आएगा।

UP MLC Election 2026- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) यूपी के MLC चुनाव में कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है।

यूपी में एमएलसी चुनाव का प्रचार आज (बुधवार को) थम गया है। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर शिक्षक और स्नातक खंड के MLC चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बार कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है।

इन 11 सीटों पर होने हैं MLC चुनाव

बता दें कि एमएलसी की 11 सीटों में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन खंड की हैं। स्नातक में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक की सीटें हैं। इसी तरह शिक्षक के लिए लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की सीटें शामिल हैं। इस तरह ये यूपी के 75 जिलों को कवर करेंगी।

BJP और सपा ने MLC चुनाव में लगाई पूरी ताकत

MLC चुनाव में बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत लगा रखी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद, गोरखपुर, वाराणसी, आगरा, मिर्जापुर और बरेली समेत सभी 11 सीटों पर बीजेपी प्रत्याशियों के लिए सभा की है। दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और सरकार के मंत्री व बीजेपी विधायकों ने चुनाव में पूरी ताकत लगा रखी है।

पिछले चुनाव में 6 सीटें जीती थी सपा

गौरतलब है कि पिछले MLC चुनावों में इन 11 सीटों में सपा ने 6 और बीजेपी ने पांच सीट जीती थीं। इन चुनाव में केवल पंजीकृत और पात्र शिक्षक व ग्रेजुएट ही वोट कर सकते हैं। इस तरह ये विधानसभा चुनाव से खासे अलग हैं। लेकिन ये चुनाव यूपी में विधानसभा चुनाव के पहले हो रहे हैं इसलिए ये काफी अहम माने जा रहे हैं।

सपा ने ऐन मौके पर बदले 2 प्रत्याशी

दिलचस्प है कि सपा ने MLC चुनाव में ऐन मौके पर अपने 2 प्रत्याशी भी बदले थे। उन्होंने डॉक्टर आकाश अग्रवाल और डॉक्टर संजयन त्रिपाठी को पार्टी में शामिल कर तुरंत टिकट दिया था। सपा ने गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉक्टर संजयन त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि डॉक्टर आकाश अग्रवाल को आगरा खंड शिक्षक के प्रत्याशी के रूप में टिकट दिया है।

पहले घोषित किए गए उम्मीदवारों को भी दिया भरोसा

टिकट बदलने के बाद अखिलेश यादव ने कहा था कि हम लोगों ने मिलकर फैसला किया है कि MLC चुनाव में ये दोनों समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बनेंगे। जो पहले उम्मीदवार घोषित किए गए थे, उनकी सहमति और सहयोग से ये निर्णय लिया गया है। जिन्होंने अपनी जगह इन्हें मौका दिया है, मैं उन दोनों साथियों के प्रति भी आभार जताता हूं।

ये भी पढ़ें- BJP ने जारी की 10 उम्मीदवारों की लिस्ट, UP-बिहार में MLC चुनावों को लेकर कैंडिडेट्स का ऐलान