1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पत्नी ने दिव्यांग पति को उतारा मौत के घाट, नाबालिग बेटे और प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश

पत्नी ने दिव्यांग पति को उतारा मौत के घाट, नाबालिग बेटे और प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश

मुरादाबाद में 40 साल के दिव्यांग प्रमोद कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों को सलाखों का रास्ता दिखाया है जिसमें हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी अबरार के अलावा नाबालिग बेटे को पकड़ा गया है।

The accused in police custody- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने सभी को चौंका दिया। यहां 40 साल के दिव्यांग प्रमोद कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद उसकी पत्नी के अलावा प्रेमी और नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी सुनीता उर्फ पूजा, उसके प्रेमी अबरार और उसके नाबालिग बेटे को पकड़ा गया है। आरोप है कि तीनों ने मिलकर धारदार हथियार से प्रमोद की हत्या की थी। पुलिस को घटना के पहले दिन से ही सुनीता पर शक था, लेकिन सबूत जुटाने में तीन दिन लग गए। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे संपत्ति पर कब्जा करने की मंशा भी सामने आई है।

प्रमोद उसका दूसरा पति था

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के फरीदनगर गांव में 13 अक्टूबर को 40 साल के दिव्यांग प्रमोद कुमार का शव मिला था। मामले की जांच शुरू हुई तो पुलिस को उसकी पत्नी सुनीता उर्फ पूजा पर शक हुआ। पुलिस के मुताबिक, सुनीता का पहला पति जगन्नाथ है, जबकि प्रमोद उसका दूसरा पति था। आरोप है कि वह दिन में प्रमोद के साथ रहती थी और रात में अपने पहले पति जगन्नाथ के पास जाती थी। पुलिस के मुताबिक, सुनीता ने अपने प्रेमी अबरार और नाबालिग बेटे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार आरोप है कि धारदार हथियार से वार कर प्रमोद की हत्या कर दी गई।

संपत्ति पर कब्जा करने की थी मंशा

दिव्यांग प्रमोद की हत्या के मामले में पुलिस का दावा है कि सुनीता और अबरार उसकी संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे। वहीं सुनीता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी 11 साल की बेटी के साथ कथित बदसलूकी को लेकर परेशान थी। यह सभी बातें पुलिस जांच में सामने आए आरोपों पर आधारित हैं। हत्या के बाद सुनीता खुद को निर्दोष बताती रही, लेकिन पुलिस को उस पर शक था। जांच के बाद पुलिस ने सुनीता उर्फ पूजा और अबरार को गिरफ्तार किया, जबकि नाबालिग बेटे को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून लगा धारदार हथियार और प्रमोद का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

(रिपोर्ट - अब्दुल्लाह फारूक)

ये भी पढ़ें

बुलंदशहर में बेलोन देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पेड़ से टकराई, पांच की मौत, तीन घायल

होमगार्ड भर्ती में 'नोटों के बदले फिटनेस' का आरोप! 70 अभ्यर्थियों को अनफिट करने पर कानपुर पुलिस लाइन में बवाल