A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: कार के इंजन में छिपकर बैठा था विशालकाय अजगर, VIDEO देखकर उड़े लोगों के होश

यूपी: कार के इंजन में छिपकर बैठा था विशालकाय अजगर, VIDEO देखकर उड़े लोगों के होश

यूपी के बाराबंकी में जब कार का बोनट खोला गया तो उसमें इंजन के पास एक विशालकाय अजगर बैठा हुआ मिला। इसे देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।

barabanki- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कार में इंजन के पास बैठा अजगर

बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक कार के इंजन से एक विशालकाय अजगर पाया गया। वह इंजन में छिपकर बैठा था। जब कार का बोनट खोला गया तो अजगर को देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। 

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

मामला कोतवाली बदोसराय के कोटवाधाम के सतनाम पुरवा गांव का है। अजगर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और इलाके में डर का माहौल हो गया। हालांकि सूचना मिलने पर फौरन वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

कितने खतरनाक होते हैं अजगर?

अजगर जहरीले नहीं होते लेकिन खतरनाक जरूर होते हैं। उनकी शारीरिक ताकत बहुत ज्यादा होती है और वह शिकार को जकड़ लेते हैं, जिससे दम घुटने से शिकार की मौत हो जाती है। इसके बाद वह शिकार को निगल लेते हैं। अजगर की कुछ प्रजातियां जैसे रेटिकुलेटेड पायथन 10 मीटर तक लंबे हो सकते हैं और उनका वजन 75-150 किलोग्राम तक हो सकता है। हालांकि भारत में इतने लंबे अजगर कम पाए जाते हैं। यहां उनकी औसत लंबाई 3-6 मीटर होती है।

आमतौर पर अजगर हिरण, सुअर, खरगोश, और पक्षियों जैसे जानवरों को निगलकर अपनी भूख मिटाते हैं। अगर इनको लंबे समय तक शिकार ना मिले तो भी ये जीवित रह सकते हैं। अगर अजगर बड़ा है तो वह मगरमच्छ जैसे बड़े जलचर का भी शिकार कर सकता है।

हालांकि मनुष्यों के लिए ये कम ही खतरनाक होते हैं और आम तौर पर उन पर अटैक भी नहीं करते। जब उन्हें खतरा लगता है तो वह जरूर अटैक कर सकते हैं। भारत में ये ज्यादातर जंगलों, दलदली क्षेत्रों, और नदियों के पास पाए जाते हैं। वह रिहायशी इलाकों में नहीं जाते लेकिन जब बरसात का मौसम होता है तो सूखी जगह की तलाश में वह इंसानों की बस्ती में जा सकते हैं।

बाराबंकी का मामला भी कुछ ऐसा ही है। बरसात की वजह से अजगर ने सूखी जगह की तलाश की होगी और कार के इंजन में जाकर छिप गया होगा। हालांकि ये मामला चर्चा में बना हुआ है। (इनपुट: दीपक निर्भय चिराग)