1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: पत्नी से नाराज पति ने 100 फीट गहरे कुएं में लगाई छलांग, रेस्क्यू का VIDEO आया सामने

यूपी: पत्नी से नाराज पति ने 100 फीट गहरे कुएं में लगाई छलांग, रेस्क्यू का VIDEO आया सामने

यूपी के उन्नाव में एक पति और पत्नी का झगड़ा इस स्टेज पर पहुंच गया कि पति ने 100 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना का वीडियो सामने आया है।

Unnao- India TV Hindi
Image Source : VIDEO SCREENGRAB पत्नी से नाराज पति ने 100 फीट गहरे कुएं में लगाई छलांग

उन्नाव: यूपी के उन्नाव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति, अपनी पत्नी से इतना नाराज हो गया कि उसने 100 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को कुएं से बाहर निकाला। फिलहाल पति को सीएचसी असोहा में भर्ती करवाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला असोहा थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव का है। उन्नाव में पत्नी से नाराज पति ने कुएं में छलांग लगा दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे रेस्क्यू किया। पत्नी से कहासुनी के बाद युवक ने 100 फीट गहरे कुएं में छलांग लगाई थी और आत्महत्या की कोशिश की थी। पति 2 घंटे तक कुएं के अंदर बैठा रहा।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निखलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मी ने कुएं से रस्सियों के सहारे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। 

पुलिस द्वारा युवक को रेस्क्यू करने का वीडियो भी सामने आया है। युवक की पहचान सुनील रावत निवासी रानीपुर के रूप में हुई है। वह 35 साल का है। उसके परिजनों में पत्नी सीमा व तीन बच्चे हैं। 

मौके पर पहुंची पुलिस भी हैरान 

असोहा थाना प्रभारी निखलेश कुमार पुलिस बल के साथ जब मौके पर पहुंचे तो पुलिस भी ये देखकर दंग रह गई कि एक युवक इतने गहरे कुएं में सिर्फ इसलिए कूद गया क्योंकि उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने युवक को कुएं से निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

पुलिस ने रस्सी और टॉर्च की मदद से नाराज युवक सुनील को कुएं से सकुशल बाहर निकाल लिया और उसे हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। कुएं से बाहर निकलने के बाद युवक ने पुलिस को बताया कि वह क्यों कुएं में कूदा था। उसने बताया कि पत्नी के साथ उसका झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने आत्महत्या करने के लिए ये कदम उठाया। (इनपुट: नवीन सिंह)