A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: शौचालय में भगवान शिव की तस्वीर लगाकर चलाया जा रहा जूस कॉर्नर, कैमरा देखकर दुकान मालिक हुआ फरार

यूपी: शौचालय में भगवान शिव की तस्वीर लगाकर चलाया जा रहा जूस कॉर्नर, कैमरा देखकर दुकान मालिक हुआ फरार

यूपी के बुलंदशहर में एक शौचालय में जूस कॉर्नर चलाए जाने का मामला सामने आया है। इस जूस कॉर्नर में भगवान शिव की तस्वीर भी लगाई गई है, जिससे हिंदू समुदाय के बीच रोष है।

Bulandshahr- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शौचालय में चल रहा जूस कॉर्नर

बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शौचालय के अंदर ही जूस कॉर्नर चलाया जा रहा है। जूस कॉर्नर चलाने वाले शख्स ने भगवान शिव की तस्वीर भी लगाकर रखी है, जिससे हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।

हैरानी की बात ये है कि दुकान मालिक ने जैसे ही कैमरे को देखा तो वह मौके से फरार भी हो गया। घटना बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र के नवदुर्गा शक्ति मंदिर के सामने की है। हिंदू संगठनों में जूस कार्नर स्वामी के खिलाफ भारी रोष दिखाई दे रहा है। 

क्या है पूरा मामला?

बुलंदशहर जनपद के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित नवदुर्गा शक्ति मंदिर के सामने एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शौचालय को कथित रूप से जूस कॉर्नर में बदल दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि उक्त स्थान पर भगवान भोलेनाथ की तस्वीर भी लगाई गई थी, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की बात कही जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मंदिर में खुर्जा वाली मईया के दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे पवित्र स्थान के पास शौचालय में जूस बेचे जाने को आस्था के साथ खिलवाड़ बताया जा रहा है। घटना का वीडियो बनते ही जूस कॉर्नर संचालक मौके से फरार हो गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया। 

वहीं, मेला कमेटी की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इस तरह की गतिविधि को कैसे अनुमति मिली। इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भारी रोष है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। स्थानीय प्रशासन से भी मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की अपील की गई है।

आरोपी शख्स ने जूस कॉर्नर के विज्ञापन में भगवान शिव की तस्वीर लगा रखी है और इसके नीचे "पीके जूस कॉर्नर" लिखा हुआ है। इस दुकान के विज्ञापन के अनुसार, यहां ताजा गन्ने का रस मिलता है। हैरान करने वाली बात ये है कि लोग शौचालय के अंदर चल रहे इस जूस कॉर्नर से जूस खरीदते हैं और उसे पीते हैं। (इनपुट: बुलंदशहर से वरुण शर्मा)