A
Hindi News उत्तर प्रदेश यूपी: संभल हिंसा के एक और आरोपी सोहेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया, अब तक 73 आरोपियों को भेजा जा चुका जेल

यूपी: संभल हिंसा के एक और आरोपी सोहेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया, अब तक 73 आरोपियों को भेजा जा चुका जेल

संभल हिंसा मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Sambhal violence- India TV Hindi Image Source : INDIA TV संभल हिंसा का आरोपी गिरफ्तार

संभल: यूपी के संभल में हुई हिंसा मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर आरोपियों को जेल भेज रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर आरोपी सोहेल को गिरफ्तार किया है। 

अब तक 73 को भेजा जा चुका जेल

पुलिस अब तक 73 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी को नखासा थाना क्षेत्र के खग्गू सराय से गिरफ्तार किया गया है।

क्या था पूरा मामला?

संभल की जामा मस्जिद में हरिहर मंदिर में दावा करते हुए एक याचिका कोर्ट में डाली गई थी। कोर्ट के आदेश पर 19 और 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद का सर्वे किया गया था। 24 नवंबर को भीड़ उग्र हो गई और पथराव किया था। हिंसा में पांच लोगों की मौत हो गई थी।

दरअसल संभल में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस की मौजूदगी में मुगलों के समय की मस्जिद का सर्वेक्षण हो रहा था। इस दौरान कई लोग सर्वेक्षण का विरोध करने आ गए और पुलिसकर्मियों के साथ उनकी झड़प हो गई। इस झड़प में 5 लोगों की मौत हुई और करीब 20 सुरक्षाकर्मियों सहित कई अन्य लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद से ही यूपी की सियासत गरमाई हुई है। अलग-अलग दलों के नेता संभल हिंसा को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि अराजक तत्वों ने पहले से ही इस हिंसा की तैयारी कर रखी थी। 

गौरतलब है कि ये मामला सामने आने के बाद देशभर में चर्चा का विषय बना था। सियासी गलियारों में भी इस मामले ने खूब तूल पकड़ा था और इस पर बयानबाजी भी हुई थी। फिलहाल पुलिस इस मामले में अलर्ट है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस कार्रवाई का ही नतीजा है कि अब तक 73 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। (इनपुट: रोहित व्यास)