A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: मथुरा में खुले नाले में गिरी महिला और उसकी 3 साल की बच्ची, बाल-बाल बची जान

यूपी: मथुरा में खुले नाले में गिरी महिला और उसकी 3 साल की बच्ची, बाल-बाल बची जान

मथुरा में एक महिला अपनी 3 साल की बच्ची के साथ नाले में गिर गई। हालांकि पुलिस ने महिला और उसकी बच्ची की जान बचा ली और उन्हें नाले से बाहर निकाला।

Mathura- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT महिला अपनी 3 साल की बच्ची के साथ नाले में गिर गई

मथुरा: यूपी के मथुरा में एक महिला और 3 साल की बच्ची एक खुले नाले में गिर गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। गनीमत ये रही कि पुलिस ने महिला और उसकी बच्ची को नाले से निकाल लिया और उनकी जान बच गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।  

हालांकि इस घटना के बाद मथुरा-वृंदावन नगर निगम के ऊपर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ये नाला कैसे खुला रह गया। अगर इस नाले की वजह से किसी की जान चली जाती तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता?

क्या है पूरा मामला?

शहर में खुले नालों की समस्या एक बार फिर लोगों की जान पर भारी पड़ते-पड़ते बची। गोवर्धन चौराहे के पास खुले पड़े नाले में एक महिला अपनी तीन वर्षीय मासूम बच्ची सहित गिर गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से दोनों की जान बच गई। 

जानकारी के अनुसार, एक महिला अपनी तीन साल की बच्ची को गोद में लेकर गोवर्धन चौराहे के पास टहल रही थी। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह बच्ची सहित खुले नाले में जा गिरी। नाला गहरा होने के कारण मां-बेटी डूबने लगी और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।

घटना देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल कृष्णा नगर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संजीव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिना देर किए नाले में उतरकर मां-बेटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि राहत कार्य में थोड़ी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में नगर निगम के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में नाले खुले पड़े हैं, जहां रोजाना लोगों का आवागमन रहता है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से जल्द से जल्द खुले नालों को ढकवाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। (रिपोर्ट- मोहन श्याम शर्मा)