उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गाजीपुर के कासिमाबाद पुलिस ने सोमवार को लंबे समय से फरार चल रही निकहत परवीन को गिरफ्तार कर लिया है। निकहत परवीन नगर पंचायत बहादुरगंज के चेयरमैन रेयाज अहमद अंसारी की पत्नी है और मृत माफिया मुख्तार अंसारी के गैंग IS-191 की सहयोगी गैंग D-131 की सक्रिय सदस्य मानी जाती है। पुलिस ने निकहत परवीन को यूनियन बैंक कासिमाबाद के पास से दबोचा है। जानकारी के मुताबित, उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर 18/25 समेत बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
लंबे समय से ट्रैक कर रही थी पुलिस
कासिमाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी की टीम लंबे समय से निकहत परवीन को ट्रैक कर रही थी। अभियुक्ता पर धारा 115(2), 351(3), 352, 308(5) बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द)(ध) व 3(2)(V) के तहत आरोप हैं। पुलिस के अनुसार निकहत परवीन की गिरफ्तारी अपराधियों और गैंगों के विरुद्ध चल रहे अभियान की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ दर्ज मामलों की आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
रंगदारी, धोखाधड़ी समेत कई मामले हैं दर्ज
अपराधिक रिकॉर्ड के अनुसार निकहत परवीन पर वर्ष 2023 से 2025 तक कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, धमकी देना, गिरोहबंदी और बीएनएस की गंभीर धाराएं शामिल हैं। उसके खिलाफ दर्ज मामलों में मुकदमा संख्या 322/23, 283/23, 68/24, 275/24, 18/25 और 323/25 शामिल हैं, जिनमें से कुछ मामलों में आरोप पत्र दायर हो चुका है और कुछ विवेचना में हैं। पुलिस जांच यह भी मानती है कि निकहत परवीन स्थानीय स्तर पर मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े आर्थिक और सामाजिक नेटवर्क को सक्रिय रखने में भूमिका निभा रही थी। (रिपोर्ट: शशिकांत तिवारी)
ये भी पढ़ें- शादी के दौरान फायरिंग पड़ी भारी, बारात में शामिल युवक के सिर में लगी गोली, यूपी के इस जिले का मामला
20 लाख की FD हड़पने के लिए हत्या... 3 दोस्तों ने पहले शराब पिलाई, UPI पिन चुराया, फिर घोंट दिया गला