A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में अब एक दिन में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे, वन डे गवर्नेंस सेंटर से लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

यूपी में अब एक दिन में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे, वन डे गवर्नेंस सेंटर से लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

यूपी के सभी नगर निगमों में जल्द ही जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। वन डे गवर्नेंस सेंटर के जरिए ये काम अब ही दिन में हो जाएगा। लखनऊ, प्रयागराज में यह व्यवस्था पहले से ही लागू है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- India TV Hindi
Image Source : REPORTER मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊः उत्तर प्रदेश में जल्द ही जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने या घर-जमीन से संबंधित काम कराने के लिए भाग-दौड़ नहीं करना पड़ेगा। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश के सभी नगर निगमों में वन डे गवर्नेंस सेंटर लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ, प्रयागराज के नगर निगम में वन डे गवर्नेंस सेंटर लागू है। वाराणसी में भी लागू किया जा रहा है। इसके तहत आम लोगों को जन्म- मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। एक ही दिन में लोगों को यह बन जाएगा। लोग लगे हाथ प्रमाणपत्र बनवाकर घर जा सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जमीन से संबंधित कामकाज भी एक दिन में बन जाएगा। मैं चाहता हूं प्रदेश के सभी नगर निगमों में यह व्यवस्था लागू हो।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सरकार चाहती है लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाएं। उनका काम समय से हो जाए। नगर निगमों में लोगों की समस्यााओं का निस्तारण जल्द से जल्द हो। 

सीएम योगी ने कही ये बात

कार्यक्रम में शामिल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि आज हम सभी नगर निगम लखनऊ की ₹413 करोड़ लागत की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं। स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ नगर निगम देश में तीसरे स्थान पर है, यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। हमारा लक्ष्य इसे प्रथम स्थान पर पहुंचाना है, लेकिन यह केवल महापौर, पार्षदों या सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।

सीएम योगी ने यह भी कहा कि ऊर्जा संकट के इस दौर में हमारा दायित्व है कि हम किसी के बहकावे में न आएं और अफवाहों से बचें। हमारा प्रयास होना चाहिए कि जितनी आवश्यकता हो, उतनी ही बिजली का उपयोग करें। ये हमारा नागरिक दायित्व है। सरकार हर समस्या का समाधान निकालेगी। सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी ने एक ही बात कही है कि देश में केवल चार जातियां हैं—गरीब, किसान, महिला और युवा। इन चारों को केंद्र में रखकर हमने अपने जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया है।