1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के हापुड़ में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 2 बदमाशों को गोली मारी, मचा हड़कंप

यूपी के हापुड़ में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 2 बदमाशों को गोली मारी, मचा हड़कंप

यूपी के हापुड़ में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान पुलिस ने 2 बदमाशों को गोली मारी है और मौके से 3 बदमाशों को पकड़ा है।

Hapur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हापुड़ में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़

हापुड़: यूपी के हापुड़ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान पुलिस ने 2 बदमाशों के पैर में गोली मारी है। मौके से पुलिस ने कुल 3 बदमाशों को पकड़ भी लिया है।

क्या है पूरा मामला?

जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गश्त व चेकिंग के दौरान पुलिस और चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम द्वारा गढ़-स्याना रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के लिए नाकाबंदी की गई थी, तभी एक संदिग्ध ऑटो लोडर को रोकने का इशारा किया गया। वाहन पर सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में 2 शातिर बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि 1 अन्य साथी को भी मौके से पकड़ लिया गया। 

बदमाशों के पास से चोरी का सामान और अवैध हथियार बरामद

घटनास्थल और बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का सामान, वाहन और अवैध हथियार बरामद किए हैं। मौके पर हरे रंग का एक ऑटो लोडर रजिस्ट्रेशन नंबर UP 14 AFT 7051  बरामद हुआ , जिसके पिछले हिस्से में लगभग 14 बंडलों में बंधे हुए विद्युत HT लाइन के तार रखे थे, जिनका कुल वजन लगभग 6 कुंतल है। इसके अलावा, तारों को काटने में इस्तेमाल होने वाले लंबे हैंडल वाले कटर बोल्ट कटर और उपकरण, 315 बोर के 2 अवैध तमंचे, 2 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस भी पुलिस ने बदमाशों से बरामद किया हैं।  

पकड़े गए बदमाशों की पहचान सुरेंद्र उर्फ सुंदर निवासी ग्राम नगला आलमपुर, थाना खानपुर, जनपद बुलंदशहर, दीपक निवासी ग्राम शाहपुर चौधरी, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और शेरू उर्फ जयदीप चौधरी निवासी किठौर, मेरठ व हाल निवासी साहिबाबाद, गाजियाबाद के रूप में हुई है। ये तीनों बदमाश बेहद शातिर व अभ्यस्त अपराधी हैं, जिनके खिलाफ बुलंदशहर, गाजियाबाद और हापुड़ में करीब 60 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। मुख्य अभियुक्त सुरेंद्र पर 40 से अधिक तथा शेरू पर 19 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें विद्युत अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं।

DSP गढ़मुक्तेश्वर राहुल कुमार का सामने आया बयान

मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर ने बताया कि पिछले कई दिनों से जनपद क्षेत्र में लगातार तार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे जनसामान्य और विशेषकर कृषक वर्ग को अत्यधिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक हापुड़ के निर्देशन में स्वाट (SWAT) टीम व सूचना तंत्र लगातार काम कर रहे थे तथा विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में 14 सितंबर को गढ़-स्याना रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो लोडर को रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने उतरकर पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में 2 बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए और 1 अन्य गिरफ्तार हुआ। आरोपियों के पास से 6 कुंतल HT लाइन तार 14 बंडल, ऑटो लोडर, 2 तमंचे 315 बोर, 2 जिंदा व 2 खोखा कारतूस तथा तार काटने के उपकरण बरामद हुए हैं; घायलों को अस्पताल भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले गाजियाबाद में दुष्कर्म के वांछित आरोपियों का हाफ एनकाउंटर हुआ था और गुलजार-एहसान घायल हालत में गिरफ्तार हुए थे। (रिपोर्ट- निशांक शर्मा)

ये भी पढ़ें-

करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या का खुलासा, 12 घंटे के अंदर पुलिस ने एनकाउंटर कर दोनों हत्यारों को दबोचा