A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: बरेली में हैरान करने वाला मामला, पति की मौत के 2 दिन बाद पत्नी ने की आत्महत्या

यूपी: बरेली में हैरान करने वाला मामला, पति की मौत के 2 दिन बाद पत्नी ने की आत्महत्या

यूपी के बरेली में पति की मौत के 2 दिन बाद पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। कहा जा रहा है कि पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाने के कारण पत्नी ने ये कदम उठाया है।

Bareilly- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE PIC पति की मौत के 2 दिन बाद पत्नी ने आत्महत्या की

बरेली: यूपी के बरेली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के प्रेम नगर थाना इलाके में एक व्यक्ति की हृदय गति रुकने से मौत के दो दिन बाद उसकी पत्नी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

क्या है पूरा मामला?

प्रेमनगर के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) आशुतोष रघुवंशी ने परिजनों के हवाले से बताया कि थाना क्षेत्र के विष्‍णुपुरी कॉलोनी निवासी सागर मदान (28) की दो दिन पहले हृदय गति रुकने से मौत हो गयी थी। एसएचओ ने कहा कि पति की मौत का सदमा उसकी पत्नी हिना मदान (26) बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने शुक्रवार रात को फांसा लगाकर आत्‍महत्‍या कर ली। 

उन्‍होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी मृतक के चाचा अशोक मदान ने बताया कि सागर मदान की शादी सात साल पहले हिना मदान से हुई थी और दोनों ने प्रेम विवाह किया था। हालांकि सागर और हिना के कोई संतान नहीं थी।

एक ही घर में 2 मौतों के होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कहा कि 2 दिन पहले ही हिना के पति की मौत हुई और अब हिना ने भी सुसाइड कर ली। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।  (इनपुट: भाषा)