A
Hindi News उत्तर प्रदेश यूपी: सपा नेता आजम खान से जुड़ी बड़ी खबर, हेट स्पीच मामले में कोर्ट से बरी हुए

यूपी: सपा नेता आजम खान से जुड़ी बड़ी खबर, हेट स्पीच मामले में कोर्ट से बरी हुए

सपा नेता आजम खान एक बार फिर एमपी एमएलए कोर्ट में पेश हुए लेकिन उन्हें कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। उन्हें हेट स्पीच मामले में कोर्ट ने बरी कर दिया है। गौरतलब है कि आजम खान हालही में जेल से छूटकर बाहर आए हैं।

Azam Khan- India TV Hindi Image Source : PTI/FILE आजम खान

रामपुर: सपा नेता आजम खान को एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। आजम खान को हेट स्पीच मामले में बरी कर दिया गया है। आजम खान आज एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए थे। सिविल लाइंस कोतवाली में दर्ज भड़काऊ भाषण के केस में आज अदालत का फैसला आया है।

क्या है पूरा मामला? 

सपा नेता आजम खान वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव में सपा के प्रत्याशी थे। इस दौरान सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में उन्होंने 23 अप्रैल को चुनावी सभा की थी। जिसके अगले दिन यानी 24 अप्रैल 2019 को सहायक रिटर्निंग आफीसर एवं तत्कालीन एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश तिवारी ने सिविल लाइंस कोतवाली में आजम खान के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

राहत मिलने के बाद सामने आया आजम खान का बयान

राहत मिलने के बाद आजम खान ने कहा कि हमारा जीवन बेदाग है। ये हमारे जीवन का सच है। हम तमंचे बेचने वाले नहीं हैं। हमने गरीबों को घर दिए और जेलें काटीं। 

RSS को बदनाम करने के केस में भी हो चुके हैं बरी

इससे पहले आरएसएस को बदनाम करने के केस में आजम खान बरी हो चुके हैं। इस मामले में भी आजम खान को लखनऊ MP/MLA कोर्ट से राहत मिली थी। ये केस 2019 में हजरतगंज कोतवाली में दर्ज हुआ था। आजम पर आरोप था कि मंत्री रहते हुए उन्होंने सरकारी लेटरहेड व मुहर का दुरुपयोग कर RSS को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की कोशिश की थी।

आजम खान लखनऊ में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-द्वितीय के सामने पेश हुए थे। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई थी। हालांकि उन्हें इस केस में राहत मिल गई थी।

बता दें कि आजम खान जेल में लंबे समय तक रहने के बाद हालही में बाहर निकले हैं। जेल के निकलने के बाद उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात काफी चर्चा में रही थी। (इनपुट: रामपुर से आमिर)