1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: बहू की बात से गुस्साए ससुर ने उसे लाठी से पीट-पीटकर मार डाला, मच गया हड़कंप

यूपी: बहू की बात से गुस्साए ससुर ने उसे लाठी से पीट-पीटकर मार डाला, मच गया हड़कंप

यूपी के अंबेडकरनगर में एक ससुर ने अपनी बहू की बेरहमी से हत्या कर दी। ससुर ने बहू को पीट-पीटकर मार डाला।

UP News- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एक ससुर ने अपनी बहू की बेरहमी से हत्या की

अंबेडकरनगर: यूपी के अंबेडकरनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ससुर ने अपनी बहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बहू का कसूर केवल इतना था कि वो ससुर से कह रही थी कि जमीन ना बेचें। 

क्या है पूरा मामला?

मामला इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का है। ससुर को जमीन बेचने से मना करना बहू को महंगा पड़ गया।  ससुर ने बहू को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला। पहले भी ससुर जमीन का एक टुकड़ा बेच चुका था। बची जमीन फिर बेचने का प्रयास कर रहा था, इसलिए बहू ने ससुर को रोका था।

मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या के बाद ससुर ने खुद किया सरेंडर 

बहू की हत्या करने के बाद ससुर ने खुद थाने जाकर सरेंडर किया।  वारदात इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर की है। प्राप्त विवरण के अनुसार ग्राम गौहनिया रसूलपुर निवासी निशा वर्मा उम्र लगभग 26 साल पत्नी रोहित वर्मा का आज दोपहर ससुर श्रीपति वर्मा से पुश्तैनी जमीन बेचने की बात को लेकर कुछ विवाद हो गया। नाराज ससुर ने बांस के एक टुकड़े से निशा पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ससुर ने जब एक बांस मारा तो निशा गिर गई। इसके बाद कई बार वार किए, जिससे निशा की मौके पर ही मौत हो गई। निशा के सिर में काफी चोट आई थी। निशा के दो बच्चे भी हैं। एक की उम्र सात साल और दूसरे की चार साल है।

निशा के पिता राजमणि वर्मा ने बताया कि निशा के ससुर श्रीपति वर्मा पुश्तैनी जमीन बेचकर शराब पी जा रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों में अनबन चल रही थी और आज फिर इसी बात को लेकर आज कुछ कहासुनी हुई थी जिसके बाद उन्होंने निशा पर हमला कर दिया। जिस वक्त यह घटना हुई उस समय निशा का पति रोहित घर पर मौजूद नहीं था।

इस मामले के सामने आने के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। लोगों का कहना है कि एक ससुर के गुस्से की वजह से 2 बच्चों ने अपनी मां को खो दिया और एक पति का जीवनसाथी इस दुनिया से चला गया।  (रिपोर्ट- मिन्नतुल्लाह)