1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: बागपत में व्यापारी पिता-पुत्र की हत्या के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की मौत, भीड़ ने पीटा था, गोली भी मारी गई

यूपी: बागपत में व्यापारी पिता-पुत्र की हत्या के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की मौत, भीड़ ने पीटा था, गोली भी मारी गई

यूपी के बागपत में एक व्यापारी पिता-पुत्र की मौत के मुख्य आरोपी वरुण लुहारी को भीड़ ने जमकर पीटा और इस दौरान उसे गोली भी मार दी गई। इस घटना में वरुण लुहारी की मौत हो गई है।

Varun Luhari- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV वरुण लुहारी की मौत

बागपत: बड़ौत में व्यापारी पिता-पुत्र की हत्या के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की मौत के बाद बुधवार को उसके परिजनों और ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाती, तब तक वे वरुण का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

मंगलवार शाम को क्या हुआ था?

मंगलवार शाम बड़ौत के दिल्ली रोड स्थित एक टेंट की दुकान पर बैठे व्यापारी सोहनलाल और उनके बेटे विकास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात को हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। 

घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगे लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर मुख्य आरोपी वरुण लुहारी को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्साई भीड़ ने वरुण की जमकर पिटाई कर दी, और वरुण को भी गोली मारकर घायल कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वरुण को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बाद में उसे मेरठ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वरुण की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को बड़ी संख्या में परिजन और लुहारी गांव के ग्रामीण बड़ौत कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर भीड़ द्वारा की गई पिटाई को हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। 

परिजनों का कहना था कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाई जानी चाहिए। इस दौरान कोतवाली परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक वे वरुण का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। 

बड़ौत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने क्या कहा?

बड़ौत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीक्षित कुमार ने परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। (इनपुट- डॉक्टर पारस जैन)