1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज महाकुंभ समेत यूपी में अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम, IMD ने जारी की ये चेतावनी

प्रयागराज महाकुंभ समेत यूपी में अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम, IMD ने जारी की ये चेतावनी

UP Weather Forecast: यूपी में आज और कल तेज हवाएं चलेंगी और मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में ठंड का असर देखा जा सकता है।

प्रयागराज महाकुंभ...- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रयागराज महाकुंभ इलाके की तस्वीर

लखनऊः यूपी के अगले दो दिनों तक ठंड बनी रहेगी। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी। 17 फरवरी तक कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 13 और 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड का एहसास हो सकता है। 

प्रयागराज महाकुंभ क्षेत्र में कैसा रहेगा मौसम

प्रयागराज में आज मौसम सामान्य रहेगा। महाकुंभ क्षेत्र में गुरुवार को अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री तो न्यूनतम 11-13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 14 फरवरी दिन शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27-29 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रयागराज महाकुंभ क्षेत्र में गुरुवार और शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा और तेज हवाएं चलेंगी। हवा की रफ्तार 15-25 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। 

अगले दो दिन चलेंगी इन जिलों में चलेंगी तेज हवाएं

अगले दो दिनों तक पश्चिम से आने वाली शुष्क हवाएं पूरे उत्तर प्रदेश को प्रभावित करेंगी, जो मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, हापुड़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, अलीगढ़, गौतम बुद्ध नगर, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, आगरा, एटा, कासगंज, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, लखीमपुर, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, अयोध्या और प्रयागराज जैसे इलाकों में चलेंगी। 

Image Source : ptiमहाकुंभ मेले के दौरान माघी पूर्णिमा पर पंटून पुल पर श्रद्धालुओं की भीड़

अगले 48 घंटे में यहां पर छाए रहेंगे बादल

15 से 17 फरवरी तक कमजोर पश्चिमी हवाएं उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बादल बनने का कारण बनेंगी। नतीजतन, सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर और पीलीभीत समेत कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने क्षेत्र के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।

यूपी में बढ़ेगी गर्मी

वैसे तो फरवरी में ठंड का मौसम रहता है, लेकिन इस बार मौसम ने सबको चौंका दिया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरवरी में तापमान में इस अप्रत्याशित वृद्धि ने लोगों में आने वाले गर्मी के महीनों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।