1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: रामनवमी पर योगी सरकार का बड़ा ऐलान, 26 और 27 मार्च को छुट्टी, लगातार दो दिन रहेगा अवकाश

यूपी: रामनवमी पर योगी सरकार का बड़ा ऐलान, 26 और 27 मार्च को छुट्टी, लगातार दो दिन रहेगा अवकाश

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रामनवमी पर दो दिनों के अवकाश का ऐलान किया है। सरकार का कहना है कि जनमानस के सम्मान में 26 और 27 मार्च को छुट्टी घोषित की गई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO (ANI) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

रामनवमी पर योगी सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है और जनभावना के सम्मान में 26 मार्च के साथ ही 27 मार्च  को भी अवकाश घोषित किया है। इस तरह से अब रामनवमी की छुट्टी दो दिनों की  रहेगी। यानी अब 26 के साथ अब 27 मार्च को भी प्रदेश में भी अवकाश रहेगा। मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए योगी सरकार ने ये निर्णय लिया है। हालांकि, कहा गया है कि 27 मार्च की छुट्टी में बैंक बंद नहीं होंगे। इस अवकाश को नेगोशिएबुल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के अधीन नहीं रखा गया है।

आस्था के सम्मान में योगी सरकार का बड़ा निर्णय

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जनभावना के सम्मान में 26 मार्च के साथ-साथ 27 मार्च को भी रामनवमी की छुट्टी का आदेश जारी कर दिया है। बता दें कि रामनवमी इस बार 27 मार्च को पड़ रही है और उसी दिन राज्य के कई शहरों और क्षेत्रों में शोभा यात्रा निकाली जाएगी। पहले योगी सरकार ने 26 मार्च यानी गुरुवार को छुट्टी घोषित थी, लेकिन अब इसके साथ-साथ 27 मार्च यानी शुक्रवार को भी अवकाश का ऐलान कर दिया है। प्रशासन का मानना है कि रामनवमी पर लाखों की संख्या में भक्त अयोध्या पहुंचते हैं और ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं को दर्शन में असुविधा न हो, इसके लिए छुट्टी बढ़ाना जरूरी था। लोगों ने भी सरकार से इसकी मांग की थी।


कोर्ट में 27 मार्च को रहेगी छुट्टी

कोर्ट में भी रामनवमी का अवकाश पहले 26 मार्च को घोषित था, लेकिन अब हाईकोर्ट ने भी इस छुट्टी को 27 मार्च से बदल दिया है। 26 मार्च को अदालतों में सामान्य कार्य जारी रहेगा और हाईकोर्ट के अनुसार सभी न्यायालयों में 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर अवकाश रहेगा। 

अयोध्या में सुरक्षा के इंतजाम

सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रामनवमी के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था, पीने के पानी, मेडिकल कैंप और सुगम यातायात के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है।