1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में महिलाओं के पेट पर बेरहमी से लात मारता दिखा होमगार्ड, Video वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

यूपी में महिलाओं के पेट पर बेरहमी से लात मारता दिखा होमगार्ड, Video वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक होमगार्ड का जवान महिलाओं के पेट पर बेरहमी से लात मारता दिखाई दिया है। इस घटना ने यूपी में खाकी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। Video वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

up baghpat home guard beats women- India TV Hindi
Image Source : REPORTER होमगार्ड ने महिलाओं पर किया हमला।

उत्तर प्रदेश के बागपत से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने खाकी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस वर्दी पर जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, वही वर्दी जब महिलाओं पर लात-घूंसे बरसाती नजर आए तो कानून व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में बालैनी थाने में तैनात एक होमगार्ड महिलाओं के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि अपनी जमीन के पैसे मांगने पहुंची महिला और उसकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये मामला बागपत के बालैनी थाना क्षेत्र का है, जहां थाने में तैनात होमगार्ड कल्लू की दबंगई कैमरे में कैद हो गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि होमगार्ड एक महिला को धक्का देता है और फिर उसके पेट पर लात मारता हुआ नजर आता है। इतना ही नहीं, महिला की बेटी के साथ भी अभद्रता और मारपीट किए जाने के बाद उसके पेट पर भी लात मारने का आरोप है। पीड़ित महिला का कहना है कि वह अपनी जमीन के बकाया पैसों की मांग को लेकर पहुंची थी, लेकिन उसकी बात सुनने के बजाय उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत भी की, लेकिन अभी तक थाना बालैनी पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर महिलाओं की सुरक्षा का दावा करने वाली व्यवस्था में अगर थाने से जुड़ा कर्मचारी ही महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार करेगा, तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करेगी? अब सभी की नजर पुलिस प्रशासन पर टिकी है। सवाल यह है कि क्या वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी होमगार्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी केवल जांच और आश्वासनों तक ही सीमित रह जाएगा?

पुलिस ने क्या कहा?

जब इस घटना को लेकर SO बालैनी शिवदत्त से फोन पर बातचीत की गई तो उनका कहना था कि महिला थाने पर आई हुई है उसकी शिकायत के आधार पर आरोपित कल्लू होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (रिपोर्ट: पारस जैन)

ये भी पढ़ें- यूपी: दुल्हन की अश्लील वीडियो दिखाने पर दूल्हे ने रोकी शादी, बारात लेकर वापस लौटा, दुखी लड़की ने खाया जहर

हाथ में सिगरेट और बगल में बोतल, ग्रेटर नोएडा में शराब के नशे में धुत लड़की बीच सड़क पर लेट गई; VIDEO वायरल