लखनऊ: यूपी की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, वह कैंसर से पीड़ित थे। उनके निधन के बाद यूपी की सियासत से जुड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक प्रकट किया है।
बसपा प्रमुख मायावती का सामने आया बयान
बसपा प्रमुख मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "बहुजन समाज पार्टी (बी.एस.पी.) के कर्मठ, ईमानदार व पूरी तरह से वफादार बलिया की रसड़ा सीट से लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह की आज शाम लम्बी बीमारी की वजह से इलाज के दौरान देहान्त हो जाने की ख़बर अति-दुखद। उनके परिवार तथा उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा की जितनी भी तारीफ की जाये वह कम है। उनका पूरा परिवार बी.एस.पी. परिवार की तरह है तथा उनके परिवार के सभी लोग मुझे बड़ी बहन की तरह ही पूरा आदर-सम्मान देते हैं। उनके पुत्र से लगातार सम्पर्क बने रहने के दौरान ही आज शाम उनके देहान्त की ख़बर उनके पुत्र से ही मिली। इस दुख की घड़ी में मैं व पूरी पार्टी उनके व उनके परिवार के साथ है तथा उन्हें किसी भी प्रकार से हिम्मत नहीं हारना है बल्कि इस परिस्थिति का सामना करते हुये आगे बढ़ना है। कुदरत उन सभी लोगों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।"
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने गहरा शोक व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने बलिया जनपद की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक एवं बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। महाना ने अपने शोक संदेश में कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने क्षेत्र के विकास तथा जनता के हितों के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया। उनकी सादगी, सहजता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें सदैव स्मरणीय बनाए रखेगी।
सतीश महाना ने कहा, "कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से संघर्ष करते हुए भी उमाशंकर सिंह ने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। उनका निधन न केवल उनके परिवार और समर्थकों, बल्कि संपूर्ण विधानसभा परिवार के लिए भी अत्यंत दुःखद है। महाना ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। ऊं शान्तिः।"
सीएम योगी ने भी जताया दुख
सीएम योगी ने भी विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर शोक जताया है। सीएम योगी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके कहा, "जनपद बलिया के रसड़ा विधान सभा क्षेत्र से माननीय विधायक उमाशंकर सिंह जी का निधन अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति।"
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी शोक प्रकट किया
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है। अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि!"
उमाशंकर सिंह साल 2025 में उस वक्त चर्चा में आए थे, जब उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में विजलेंस जांच शुरू हुई थी।
ये भी पढ़ें-
UP: कैंसर से जूझ रहे BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर छापेमारी, डॉक्टर की एंट्री पर भी लगी रोक