1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दहल गया लखनऊ, घर के भीतर मां-बेटे मृत पाए गए, गला कपड़े से कसा हुआ था, पुलिस जांच जारी

दहल गया लखनऊ, घर के भीतर मां-बेटे मृत पाए गए, गला कपड़े से कसा हुआ था, पुलिस जांच जारी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में घर के भीतर मां-बेटे मृत पाए गए हैं। दोनों के गले कपड़े से कसे हुए पाए गए हैं। मामले को लेकर पुलिस जांच जारी है।

lucknow mother son found dead in house- India TV Hindi
Image Source : PEXELS सांकेतिक फोटो।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहलाने वाली खबर सामने आ रही है। यहां एक घर में मां और बेटे मृत अवस्था में पाए गए हैं। दोनों के गले कपड़े से कसे हुए मिले हैं। पुलिस ने जानकारी दी है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर थाना मोहनलालगंज क्षेत्र में डबल मर्डर की खबर प्रसारित हो रही है। इस संबंध में बताया गया है कि दिनांक 09.03.2026 को रात्रि लगभग 10.00 बजे थाना मोहनलालगंज पर सूचना प्राप्त हुई कि उनके पड़ोस में रहने वाली रेशमा बानो उम्र करीब 50 वर्ष तथा उनके पुत्र शादाब उम्र करीब 18 वर्ष (जो बचपन से दृष्टिबाधित हैं) अपने घर के अंदर मृत अवस्था में पड़े हुए हैं।

गला कपड़े से कसा हुआ मिला

सूचना प्राप्त होते ही थाना मोहनलालगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर निरीक्षण करने पर पाया गया कि रेशमा बानो का गला कपड़े से कसा हुआ था तथा उनके पुत्र शादाब का भी गला कपड़े से कसा हुआ था, जिससे प्रथमदृष्टया दोनों की मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। दोनों शव घर के अंदर पड़े हुए मिले।

फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही कराई गई। सूचना पाकर अपर पुलिस उपायुक्त, दक्षिणी जोन, लखनऊ द्वारा भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है। घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस ने बताया है कि घटना के संबंध में सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के शीघ्र खुलासे के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य है।

ये भी पढ़ें- शवगृह में रखे युवक के शव को चूहों ने कुतरा, परिजनों ने जमकर काटा बवाल, लगाया ये आरोप

यूपी: लखनऊ में फिर एक बेटे ने कर दी पिता की हत्या, महज 17 साल का है आरोपी, जानें कैसे दिया वारदात को अंजाम